विज्ञापन

पति के साथ मंदिर गई महिला ने प्रेमी को भेजा लाइव लोकेशन, हैंडबैग गिरा रुकवाई बाइक और करवा दी हत्या

महिला ने जान-बूझकर अपना हैंडबैग गिरा दिया, जिससे रमेश को अपनी बाइक रोकनी पड़ी. तभी महिला के प्रेमी और उसके साथी निकले और रमेश का लगभग 100 मीटर तक पास के जंगल में पीछा किया और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. 

पति के साथ मंदिर गई महिला ने प्रेमी को भेजा लाइव लोकेशन, हैंडबैग गिरा रुकवाई बाइक और करवा दी हत्या
पति के साथ महिला जो CCTV में किसी और से जाती दिखी.
NDTV
चित्तूर:

पति के साथ मंदिर गई एक महिला ने प्रेमी को लाइव लोकेशन भेजा. एक सुनसान जैसे कट पर जान बूझकर हैंडबैग गिराया, ताकि उसे उठाने के लिए पति को बाइक रोकना पड़े. जैसे ही पति ने बाइक रोकी, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया. पति कुछ समझ पाता उससे पहले उसकी हत्या कर दी गई. दिल दहला देने वाली यह वारदात दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से सामने आई है. जहां एक महिला और उसके कथित प्रेमी को उसके पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. अमावस्या के दिन आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर जाने का कार्यक्रम एक सोची-समझी हत्या में बदल गया. पुलिस का कहना है कि डिजिटल सबूत, CCTV फ़ुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से कुछ ही घंटों में इस साजिश का पर्दाफाश हो गया.

दो साल पहले हुई थी शादी

मृतक की पहचान 23 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है. रमेश तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले के सुलागिरी का रहने वाला था. उसने लगभग दो साल पहले शांतिपुरम मंडल के बोयानपल्ली गांव की रहने वाली 19 वर्षीय हसिनी से शादी की थी. इस जोड़े की एक छोटी बेटी थी और रमेश होसुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था. 

पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद भी हसिनी का अपने बचपन के दोस्त 20 वर्षीय युगंधर के साथ रिश्ता बना हुआ था और दोनों ने रमेश को रास्ते से हटाने का फ़ैसला किया.

महिला प्रेमी को भेजती रही लोकेशन

पुलिस ने बताया, "हसिनी ने रमेश को मंगलवार को गुडुपल्ले मंडल में मल्लप्पा कोंडा की चोटी पर स्थित श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर जाने के लिए राज़ी किया. जब यह जोड़ा अपनी छोटी बेटी के साथ यात्रा कर रहा था, तो वह कथित तौर पर फ़ोन पर युगंधर के साथ अपनी लाइव लोकेशन शेयर करती रही, जिससे हमलावरों को उनकी गतिविधियों पर नज़र रखने में मदद मिली."

जानबूझकर गिराया अपना हैंडबैग

पुलिस का मानना ​​है कि हत्या की योजना हिल रोड पर तीसरे हेयरपिन मोड़ के पास अंजाम दी गई. शक है कि हसिनी ने जान-बूझकर अपना हैंडबैग गिरा दिया, जिससे रमेश को अपनी मोटरसाइकिल रोकनी पड़ी. तभी युगंधर और उसके साथी कथित तौर पर अपनी छिपने की जगह से बाहर निकले, रमेश का लगभग 100 मीटर तक पास के जंगल में पीछा किया और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. 

पुलिस ने बताया, "कथित तौर पर यह हत्या तब हुई जब उस जोड़े की छोटी बच्ची पास ही मौजूद थी." यह मामला तब सुलझा जब हसिनी की माँ पुलिस के पास पहुँची, क्योंकि उनकी बेटी और नातिन घर नहीं लौटी थीं. 

सीसीटीवी फुटेज में किसी और से जाती दिखी महिला

मंदिर के रास्ते के CCTV फुटेज से इस अपराध का पता चला. फुटेज में दिखा कि रमेश अपनी पत्नी के साथ मंदिर गया था, लेकिन बाद में महिला को पीड़ित की मोटरसाइकिल पर दो अन्य पुरुषों के साथ उस इलाके से जाते हुए देखा गया. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फ़ोन रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य तकनीकी सबूतों की जाँच की, जिससे उन्हें रमेश का शव और आरोपी मिल गए.

महिला उसके प्रेमी और दो अन्य लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने पूछताछ के लिए पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो अन्य लोगों को गिरफ़्तार किया है. जांचकर्ता ग्रामीणों के उन दावों की भी पुष्टि कर रहे हैं कि रमेश से शादी के समय हसिनी नाबालिग थी और 9वीं कक्षा में पढ़ती थी. अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो बाल विवाह कानूनों के तहत अलग से कार्रवाई हो सकती है; मामले की आगे जाँच जारी है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chittoor, Chittoor Murder, Husband Killed By Wife And Lover, Husband Killed By Wife, Wife Killed Her Husband
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com