आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले के एक सरकारी स्कूल में तीन दिन पहले आयोजित मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ मंच साझा करने वाली 10वीं की छात्रा ने सोमवार को आत्महत्या कर ली. इस छात्रा ने अपनी नानी के घर फांसी लगाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. छात्रा की मौत पर मुख्यमंत्री नायडू ने दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच करने को कहा है. इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से कहा है कि जीवन में आने वाली कठिनाइयों का वे जमकर सामना करें.
होटल में काम करते हैं शिवानी के माता-पिता
मुर्रम शिवानी नाम की इस छात्रा ने रम्पाचोडावरम के जिला परिषद हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायडू के बगल में बैठकर भाषण दिया था. शिवानी ने हाथ से लिखा हुआ एक सुसाइड नोट छोड़ा है. इसमें उसने अपने माता-पिता से उनके सपने पूरे न कर पाने के लिए माफी मांगी है. हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
शिवानी के माता-पिता कोरुकोंडा के एक होटल में काम करते हैं. वह अपनी नानी के साथ रहकर रम्पाचोडावरम के सरकारी हाई स्कूल में पढ़ाई कर रही थी. जानकारों का कहना है कि शिवानी पढ़ने-लिखने में में अच्छी थी. मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग 4.0 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में दिए उसके भाषण ने सभी का ध्यान खींचा था. शिवानी ने कहा था कि वह कड़ी मेहनत कर अगले साल 'शाइनिंग स्टार अवॉर्ड' जीतना चाहती है.
उसका भाषण सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे अपने पास बुलाकर बगल में बैठाया था.मुख्यमंत्री ने उससे कुछ देर तक बातचीत भी की थी.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
పోలవరం జిల్లా ఈర్లపల్లికి చెందిన 10వ తరగతి విద్యార్ధిని ముర్రం శివాని తనువు చాలించడం నన్ను తీవ్ర విషాదంలోకి నెట్టేసింది. రంపచోడవరంలో మెగా పేరెంట్ టీచర్ మీటింగ్ లో వేదికపై ఎంతో ఉత్సాహంగా మాట్లాడిన శివాని బలవన్మరణం ఆవేదన కలిగించింది. ఆ రోజు తన చదువు, ఉన్నత లక్ష్యాల గురించి శివాని… pic.twitter.com/9NZE0spqgv
— N Chandrababu Naidu (@ncbn) July 27, 2026
शिवानी की मौत पर मुख्यमंत्री नायडू ने दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''रम्पाचोडावरम में आयोजित मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग के दौरान मंच से पूरे उत्साह के साथ बोलने वाली शिवानी का इस तरह अपनी जान दे देना बेहद दुखद है. मुझे आज भी उसकी पढ़ाई और बड़े सपनों को लेकर हुई बातचीत याद है.'' उन्होंने लिखा है,'' इतने उज्ज्वल भविष्य वाली एक आदिवासी बेटी का इस तरह दुनिया छोड़ देना बेहद पीड़ादायक है. कारण चाहे जो भी हो, अपने सपनों को पूरा करने से पहले उसका चले जाना मुझे बहुत दुखी करता है.''
मुख्यमंत्री ने छात्रों और युवाओं से अपील करते हुए कहा,''जीवन में आने वाली कठिनाइयों और चुनौतियों का डटकर सामना करें. किसी भी दबाव, निराशा या हताशा के आगे हार न मानें. हर समस्या का समाधान होता है. अपनी तकलीफ अपने परिवार, दोस्तों और प्रियजनों से साझा करें. हिम्मत के साथ आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें. सरकार हर कदम पर आपके साथ है.''
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने 24 जुलाई को रम्पाचोडावरम के जिला परिषद हाई स्कूल में आयोजित मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग में हिस्सा लिया था. इस दौरान उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत की और छात्रों के साथ दोपहर का भोजन भी किया था. राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग का आयोजन कर रही है, जिससे अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़े और छात्रों की पढ़ाई व विकास को बेहतर बनाया जा सके.
ये भी पढ़ें: जंतर मंतर पर मस्ती से छाए ये चेहरे, किसी का डांस तो किसी के एक्सप्रेशंस के ही दीवाने हुए लोग
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं