- असम के IIT गुवाहाटी के कैंपस में एक छात्र का शव मिला है. घटना रविवार की बताई जा रही है.
- ओडिशा के रहने वाले छात्र रितेश राज सिंह का शव मिला है. घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है.
- रितेश राज सिंह को बड़ी कंपनी में इंटर्नशिप मिली थी.
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी से एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां रविवार की दोपहर में कैंपस में संस्थान के एक होनहार छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. जिसके बाद यहां हड़कंप मच गया. छात्र की पहचान ओडिशा के पुरी निवासी रितेश राज सिंह के रूप में हुई है, जो बीटेक में तीसरे साल की पढ़ाई कर रहा था. रितेश राज सिंह को हाल ही में एक बड़ी कंपनी में इंटर्नशिप मिली थी. लेकिन इस बीच उसका शव मिलने से सब हैरान रह गए. घटना का बाद गुवाहाटी पुलिस मामले में जुटी है. पुलिस मामले में आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है.
रितेश को बड़ी कंपनी में मिली थी इंटर्नशिप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक छात्र ने रविवार 26 जुलाई को दोपहर करीब 2:30 बजे के आसपास कैंपस की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाई थी. आईआईटी गुवाहाटी की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया 'संस्थान पुलिस के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रहा है, जो इस मामले की जांच कर रही है. इस मामले पर कोई भी अन्य जानकारी साझा करने से पहले हम उनकी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.' शुरुआती जांच से पता चला है कि रितेश को बड़ी कंपनी में इंटर्नशिप मिली थी और वह बहुत होनहार छात्र माना जाता था. वह आईआईटी गुवाहाटी के कोडिंग क्लब का कॉम्पिटिटिव प्रोग्रामिंग हेड था.

आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रोफेसर देवेंद्र जलिहाल ने रविवार शाम छात्रों को एक ईमेल भेजकर उनके सहपाठी के निधन की जानकारी दी है. एनडीटीवी को मिले ईमेल में लिखा गया 'बड़े दुख के साथ मुझे कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के बीटेक छात्र रितेश राज सिंह के असामयिक निधन की सूचना देनी पड़ रही है. उनका आज सुबह निधन हो गया.यह हमारे आईआईटीजी परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. हालांकि इस ईमेल में मौत के कारणों या पुलिस जांच को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है. रितेश का शव पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और उनके माता-पिता रास्ते में हैं.

रितेश की मौत पर एक एंगल यह भी है.
रितेश की मौत में एक और एंगल देखा जा रहा है. रितेश को एक इंटर्नशिप के ऑनलाइन असेसमेंट के दौरान अपने एक दोस्त के लिए प्रॉक्सी फर्जी तरीके से परीक्षा देना. बनते हुए पकड़ लिया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, रितेश का सीजीपीए (CGPA) 9 से अधिक था और उनके पास बड़ी कंपनी का ऑफर भी था.कहा जा रहा है कि एक प्रोफेसर द्वारा उन्हें छात्र अनुशासन समिति की तरफ से कार्रवाई की धमकी दी गई थी. ऐसे में यह एंगल भी देखा जा रहा है.
ये भी पढे़ंः स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस की पिटाई से घायल हुई कॉमेडियन की पत्नी, लगातार दर्द के बाद पता लगा टूट गई पसली
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं