Ambala News: हरियाणा के अंबाला में पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब हिरासत में लिए गए एक 23 साल के एक युवक का शव दो दिन बाद नाले में बरामद हुआ. मृतक की पहचान हिम्मतपुरा निवासी अमन के रूप में हुई है. परिजनों ने सीधे तौर पर पुलिस के ASI मोहनलाल पर अमन की हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ASI के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
शराब पीते हुए अमन को देस्त के साथ था पकड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, अमन पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और अपने दोस्त अशोक के साथ अस्पताल के बाहर था. अशोक की बीमार मां वहां भर्ती थी. आरोप है कि 21 तारीख की रात ASI मोहनलाल ने वहां पहुंचकर अमन और अशोक को शराब पीते हुए पकड़ा. मौके पर ही दोनों को थप्पड़ मारे गए और उन्हें अपने साथ थाने ले जाया गया.
थाने से गायब हुआ अमन
परिजनों का दावा है कि पुलिस ने आधी रात को अमन के घर फोन कर कहा कि उनका बेटा थाने में है, उसे आकर ले जाएं। लेकिन जब परिजन थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि अमन थाने से जा चुका है. दो दिन तक चले तलाशी अभियान के बाद अमन का शव एक नाले में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. अमन के पिता महेंद्र और बुआ पूनम ने ASI मोहनलाल पर थाने में मारपीट करने और अमन की हत्या करने का आरोप लगाया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस मामले के सामने आने के बाद अंबाला पुलिस में खलबली मची हुई है. अंबाला के SP अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. परिजनों की शिकायत और आरोपों के आधार पर आरोपी ASI मोहनलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
यह भी पढ़ें; Jharkhand News: 20 अप्रैल को बजने वाली थी शहनाई, शादी टूटने के सदमे में दी जान, पेड़ से लटका मिला शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं