विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा पर 12 दिन में पहुंचे 3 लाख लोग, बाबा बर्फानी के दर्शन का बना रिकॉर्ड

जम्मू-कश्मीर में चल रही श्री अमरनाथ यात्रा ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया है. यात्रा शुरू होने के सिर्फ 12 दिनों के भीतर ही 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं.

अमरनाथ यात्रा पर 12 दिन में पहुंचे 3 लाख लोग, बाबा बर्फानी के दर्शन का बना रिकॉर्ड
श्री अमरनाथ यात्रा ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया है.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष की श्री अमरनाथ यात्रा ने एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है. यात्रा शुरू होने के केवल 12 दिनों के भीतर ही पवित्र गुफा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख के पार पहुंच गई. उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बाबा बर्फानी के प्रति लोगों की अटूट आस्था का प्रमाण है. उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी अधिकारियों, सेवा प्रदाताओं और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुगम और यादगार बनाया है.

श्रद्धालुओं में दिख रहा जबरदस्त उत्साह

श्री अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई थी और यह 57 दिनों तक चलेगी. यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा. यात्रा के शुरुआती दिनों में ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से साफ है कि देशभर के लोगों में बाबा अमरनाथ के दर्शन को लेकर जबरदस्त उत्साह है. लगातार बढ़ती संख्या ने इस धार्मिक यात्रा को नए मुकाम पर पहुंचा दिया है.

सुरक्षा और राहत व्यवस्था रही मजबूत

सामान्य मौसम के बीच यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है. यात्रा मार्ग पर तैनात माउंटेन रेस्क्यू टीमों ने लगातार निगरानी रखी और जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं की सहायता की. कई स्थानों पर राहत और बचाव अभियान भी चलाए गए ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

स्वास्थ्य सेवाओं ने निभाई अहम भूमिका

ऊंचाई वाले इलाकों में कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हुईं. ऐसे मामलों में उन्हें तुरंत ऑक्सीजन थेरेपी उपलब्ध कराई गई. वहीं मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया, जहां उन्हें समय पर उपचार मिला. बेहतर व्यवस्थाओं और सेवाओं के कारण यात्रा लगातार सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें- 

अमरनाथ का शिवलिंग कुछ ही दिनों में क्यों पिघल गया? वैज्ञानिकों ने बता दी वजह

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रियों के लिए जरूरी खबर, अंतर्ध्यान हुए बाबा बर्फानी, देखिए ये वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amarnath Yatra, Baba Barfani, Amarnath Cave
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com