विज्ञापन
This Article is From Dec 24, 2024

पुष्पा-2 भगदड़: अल्लू अर्जुन से 3 घंटे की पूछताछ, सहयोग करने का किया वादा, सीन रि-क्रिएट कर सकती है पुलिस

Pushpa-2 Stampede Case: हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन से पूछा कि क्या वे घटनास्थल पर मौजूद थे. उन्होंने हालात कैसे संभाले? एक्टर ने कहा- 'मुझे महिला की मौत की जानकारी अगले दिन मिली.' इस मामले में उन्होंने पुलिस के साथ सहयोग करने की बात कही है. 

साउथ के मेगा स्टार अल्लू अर्जुन से पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान भगदड़ केस में हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को 3 घंटे से ज्यादा पूछताछ की. हैदराबाद सेंट्रल जोन डीसीपी के नेतृत्व वाली टीम ने एक्टर से सवाल किए. रिपोर्ट्स के मुताबिक अल्लू अर्जुन से पूछा गया कि क्या वे घटनास्थल पर मौजूद थे. उन्होंने हालात कैसे संभाले? इस पर उन्होंने कहा- 'मुझे महिला की मौत की जानकारी अगले दिन मिली.' अल्लू अर्जुन ने इस मामले में पुलिस के साथ सहयोग करने की बात कही है. आइए जानते हैं पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान भगदड़ केस में आज क्या क्या हुआ:-

  1. अल्लू अर्जुन को 23 दिसंबर को हैदराबाद पुलिस ने नोटिस जारी किया था. पुलिस उपायुक्त (DCP) सेंट्रल जोन अक्षांश यादव ने एक्टर से पूछताछ करने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व किया. पूछताछ के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त एल. रमेश कुमार और इंस्पेक्टर राजू नाइक भी मौजूद थे.
  2. कड़ी सुरक्षा के बीच अभिनेता मंगलवार सुबह करीब 11 बजे चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे।पुष्पा-2 के स्टार कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर करीब 3 बजे चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन से अपने घर के लिए रवाना हुए.
  3. 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में हुई घटना का एक और वीडियो सामने आया. इसमें सीढ़ियों से भीड़ उतरती नजर आ रही है. 15 सेकेंड के इस वीडियो के 8वें सेकेंड पर कुछ लोग एक बदहवास शख्स को बाहर ले जाते नजर आ रहे हैं.
  4. जानकारी के मुताबिक पुलिस घटना का सीन भी री-क्रिएट कर सकती है. अल्लू सुबह 11 बजे चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे थे. उनसे दोपहर 2.45 बजे तक पूछताछ चली. इस दौरान स्टेशन में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और स्टेशन के रास्तों को ब्लॉक किया गया था.
  5. अभिनेता से करीब 4 घंटे तक पूछताछ हुई. पुलिस ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो दोबारा पूछताछ के लिए भी उन्हें आना पड़ेगा. इस पर अल्लू अर्जुन ने कहा कि वह पुलिस जांच में सहयोग करेंगे.
  6. अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद, परिवार के अन्य सदस्य और उनके वकील भी पुलिस स्टेशन पहुंचे थे. पुलिस ने सोमवार को अभिनेता को नोटिस जारी कर उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया था.
  7. 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था. थिएटर प्रबंधन, अल्लू अर्जुन और उनकी टीम पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस द्वारा आरोपी नंबर 11 के रूप में सूचीबद्ध अभिनेता को 13 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था.
  8. अभिनेता का बयान चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था और उन्हें शहर की एक अदालत में पेश किया गया था. कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. हालांकि, उसी दिन तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें चार सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी थी. अभिनेता को अगले दिन चंचलगुडा जेल से रिहा कर दिया गया था.
  9. अल्लू अर्जुन को नया नोटिस उन खबरों के बीच आया, जिसमें कहा गया कि पुलिस उनकी अंतरिम जमानत रद्द करने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रही है.
  10. हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने रविवार को कहा कि कानूनी राय लेने के बाद पुलिस मामले में अगला कदम उठाएगी. रविवार को पुलिस प्रमुख ने अल्लू अर्जुन के दावों को खारिज करने के लिए संध्या थिएटर में हुई घटना की मिनट-दर-मिनट सीसीटीवी फुटेज भी जारी की थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pushpa 2 Stampede Case, Allu Arjun Police, Allu Arjun Questions, Allu Arjun Stampede Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com