विज्ञापन

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जहां गिरा था विमान, अब वहां बनेगा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल, एअर इंडिया देगा मुआवजा

अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में क्षतिग्रस्त हुए मेडिकल हॉस्टल की जगह अब 105 करोड़ की लागत से 9 मंजिला आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी पीजी हॉस्टल बनाया जाएगा.

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जहां गिरा था विमान, अब वहां बनेगा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल,  एअर इंडिया देगा मुआवजा
Ahmedabad Plane Crash

अहमदाबाद में पिछले साल हुए एयर इंडिया विमान (AI 171) हादसे में जो मेडिकल हॉस्टल क्षतिग्रस्त हुआ था, अब वहां हॉस्पिटल बनाया जाएगा. यह 9 मंजिल का आधुनिक स्पेशियलिटी पीजी हॉस्टल होगा. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इसके लिए 105 करोड़ रुपये के भारी-भरकम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. गुजरात सरकार के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना में सिविल हॉस्पिटल-असारवा के पास स्थित न्यू मेंटल कैंपस में हुए ‘अतुल्यम 1 से 4 ब्लॉक' के नुकसान के एवज में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टाटा एयरलाइंस से 53.12 करोड़ रुपए की मांग की गई थी. टाटा एयरलाइंस आगामी समय में स्वास्थ्य विभाग को 53.12 करोड़ रुपए की पूरी राशि चुकाएगी.

प्लेन क्रैश के कारण बिल्डिंग को हुआ था भारी नुकसान

इस संबंध में जानकारी देते हुए मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि गत 12 जून 2025 को मेघाणीनगर में हुई अहमदाबाद प्लेन क्रैश विमान दुर्घटना के कारण स्वास्थ्य विभाग के अधीन ‘अतुल्यम 1 से 4' ब्लॉक, कैंटीन और सब-स्टेशन बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ था. दुर्घटना के समय इस हॉस्टल में कुल 92 छात्र रह रहे थे. विमान दुर्घटना के बाद किए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में इन बिल्डिंग्स को रहने के लिए असुरक्षित घोषित किए जाने के कारण उन्हें तोड़ने की मजबूरी बनी. ऐसे में छात्रों की रहने की सुविधा बाधित न हो और उनके हित में तत्काल नया हॉस्टल बनाने का निर्णय मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा लिया गया है.

105 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प

सिविल अस्पताल कैंपस के पास बनने वाले नए आधुनिक हॉस्टल के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल-असारवा के पास स्थित न्यू मेंटल कैंपस में डॉक्टरों के लिए अनुमानित 105 करोड़ रुपए के खर्च से नया अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी मैरिड पीजी हॉस्टल बनाया जाएगा. मेडिकल क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी की नई 48 सीटों की वृद्धि को ध्यान में रखते हुए आगामी तीन वर्षों के कुल 144 छात्रों सहित कुल 236 सुपर स्पेशियलिटी मैरिड पीजी डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था की गई है. इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत न्यू मेंटल कैंपस-आईजीपी कंपाउंड, मेघाणीनगर में नए सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल ब्लॉक के अलावा एक आधुनिक कैंटीन ब्लॉक और नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त जमीन भी आवंटित कर दी गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने आगे कहा कि इस कार्य को अधिक गति देने के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अनुमानित 51.84 करोड़ रुपए की राशि के मुकाबले 34.65 करोड़ रुपए की बजट व्यवस्था मंजूर की गई है. आगामी समय में भी स्वास्थ्य क्षेत्र के इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है.

नव नियोजित ‘अतुल्यम 1 से 7' पीजी हॉस्टल जी प्लस 8 मंजिला संरचना के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा. इस प्रोजेक्ट में कुल 236 सुपर स्पेशियलिटी मैरिड पीजी डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था की गई है. इसके अंतर्गत प्रत्येक फ्लैट को स्टूडियो अपार्टमेंट शैली में तैयार किया जाएगा, जिसमें एक लिविंग रूम-अटैच किचन, एक बेडरूम और टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा, सुरक्षा और प्राथमिक सुविधाओं जैसे फायर फाइटिंग सिस्टम, आरओ प्लांट और सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था का भी समावेश किया गया है.

यह भी पढ़ें: पायलट की गलती नहीं, तकनीकी खराबी थी... अहमदाबाद प्लेन क्रैश में FIP ने बताया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com