विज्ञापन
This Article is From Mar 10, 2026

वीरेंद्र सचदेवा और कपिल मिश्रा कह रहे हैं कि पिक्चर अभी बाकी है, किस पिक्चर की बात हो रही- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी ने आज दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेव और मंत्री कपिल मिश्रा पर निशाना साधा है.

वीरेंद्र सचदेवा और कपिल मिश्रा कह रहे हैं कि पिक्चर अभी बाकी है, किस पिक्चर की बात हो रही- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज
नई दिल्ली:


आम आदमी पार्टी ने तथाकथित शराब घोटाले में निचली अदालत से पार्टी के नेताओं को दोषमुक्त किए जाने के बावजूद बीजेपी नेताओं की तरफ से सजा दिलाने के किए जा रहे दावों पर सवाल खड़ा किया. आप दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पूछा कि बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा को कैसे पता है कि आबकारी मामले में क्या फैसला आना है? क्या बीजेपी-जज में कोई रिश्ता है? कपिल मिश्रा कह रहे हैं कि पिक्चर अभी बाकी है. ये किस पिक्चर की बात हो रही है? जबकि अभी मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई होनी बाकी है.

भारद्वाज ने बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के दावों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा का एक वीडियो दिखाकर कहा कि वीरेंद्र सचदेवा कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक अपराधी हैं और जैसे-जैसे अदालती कार्यवाही आगे बढ़ेगी, इनको सजा निश्चित ही मिलेगी. यह इन्हें पता है. बीजेपी सरकार के दूसरे मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को ट्वीट किया कि ‘पिक्चर अभी बाकी है'. जिस तरह से दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा कह रहे हैं कि निश्चित ही सजा मिलेगी और कपिल मिश्रा कह रहे हैं कि पिक्चर अभी बाकी है, तो इन्हें कैसे पता कि आगे क्या होने वाला है?

सौरभ भारद्वाज ने पूछा कि पिक्चर में क्या बाकी है, यह कपिल मिश्रा को कैसे पता? यह तो अभी हाई कोर्ट की न्यायाधीश को भी नहीं पता होगा. वीरेंद्र सचदेवा कैसे कह सकते हैं कि निश्चित तौर पर सजा मिलेगी? सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इसीलिए कपिल मिश्रा का यह कहना कि ‘पिक्चर अभी बाकी है', कुछ सवाल पैदा करता है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AAP, AAP Leader Saurabh Bharadwaj, Virendra Sachdeva
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com