- 23 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया, श्रीगंगानगर का पारा सबसे अधिक 48.2 डिग्री दर्ज हुआ.
- अगले 2-3 दिनों में दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में बारिश होने से तापमान में 6 से 7 डिग्री तक गिरावट संभव है.
- भारत मौसम विभाग ने मई और जून में औसत से अधिक हीट वेव दिन होने का अनुमान जताया है, जिससे गर्मी बढ़ेगी.
भीषण गर्मी ने इस वक्त पूरे देश को झुलसा कर रख दिया है. दोपहर के समय हालात ऐसे हो गए हैं मानो आसमान से आग बरस रही हो और तापमान हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है. मौसम विभाग के अनुसार देश के 23 शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिसमें राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे ज्यादा तपता रहा, जहां तापमान 48.2°C दर्ज किया गया. वहीं, उत्तर प्रदेश का बांदा 47°C के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजस्थान का पिलानी भी 47°C के करीब तापमान के साथ तीसरे नंबर पर रहा.
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद भी नजर आ रही है. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में पारे में 6 से 7 डिग्री तक कमी आने का अनुमान है. ऐसे में तपती गर्मी से परेशान लोग अब आसमान की तरफ राहत भरी बारिश का इंतजार कर रहे हैं.

Delhi Weather Today : दिल्ली में तापमान सबसे अधिक 45.6°C रिकॉर्ड
दिल्ली में रिज इलाके में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 45.6°C रिकॉर्ड किया गया. दिल्ली के बाकी इलाकों में अधिकतम तापमान 44.3°C से 45.4°C के बीच रहा. भारत मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, निकटवर्ती उत्तर प्रदेश, पूर्व और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 43-47 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जबकि पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में 40-43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, जम्मू-कश्मीर लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से काफी ऊपर (> 5.1°C) दर्ज़ किया गया.
Heat Wave : 2-3 दिनों में हीट वेव से मिलेगी राहत
अब भारत मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में ऊष्ण लहर से भीषण ऊष्ण लहर की स्थिति रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. हालांकि 29 मई से अधिकतम तापमान में कमी और ऊष्ण लहर (हीट वेव) की स्थिति में सुधार होने की संभावना है.
Rain Alert : इन राज्यों में बारिश का अनुमान
अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्वी भारत में और 28-29 मई 2026 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में छिटपुट भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 30 मई को उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं के साथ मध्यम से भीषण आंधी-तूफान की संभावना है.
भारत मौसम विभाग पहले ही इस साल मई और जून महीने में रिकॉर्ड गर्मी पड़ने की आशंका जाता चुका है. इन दोनों महीनों के दौरान देश के कई हिस्सों में औसत से काफी ज्यादा हीट वेव चलने का पूर्वानुमान है. आमतौर पर मई और जून महीने में हर महीने 3 से 7 Heat Wave Days रिकॉर्ड किए जाते हैं. लेकिन इस साल भारत मौसम विभाग दी है कि Heat Wave वाले दिनों की संख्या मई और जून में औसत से 5 से 7 दिन ज्यादा रहेगी.

Monsoon New Update : कहां पहुंचा मानसून?
केरल में मानसून ने भले ही अपने आगमन की अपेक्षित तारीख 26 मई को दस्तक नहीं दी, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ अन्य हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ गया है. आईएमडी ने पहले अनुमान जताया था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंच जाएगा. हालांकि, उसने कहा था कि राज्य में इसकी दस्तक में चार दिन की जल्दी या देरी हो सकती है. केरल में मानसून का आगमन आम तौर पर एक जून के आसपास होता है. इसी के साथ देश में मानसूनी बारिश के मौसम (जून से सितंबर तक) की शुरुआत हो जाती है.
Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर को जल्द मिलेगी राहत
दिल्ली में मौसम को लेकर राहत की खबर है. अगले 24 घंटों में तापमान लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. 28 से 31 मई के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किमी/घंटा तक, जबकि कुछ झोंकों में 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. कुल मिलाकर आने वाले दिनों में मौसम सक्रिय रहने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.
उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में बिजली कड़कने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
यूपी में आज के मौसम को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. 28 से 31 मई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ‑साथ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इसी अवधि में मौसम सक्रिय रहेगा. खासतौर पर 28 और 29 मई को पश्चिमी यूपी और 29 मई को पूर्वांचल में 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान जताया गया है.
ये भी पढ़ें : 3 दिन जमकर बारिश, यूपी में आंधी का अलर्ट, दिल्ली से पंजाब-हरियाणा, राजस्थान तक बदलेगा मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं