- जोया अख्तर और रीमा कागती की टाइगर बेबी डिजिटल एलएलपी के ऑफिस से 66 हाई-कैपेसिटी हार्ड डिस्क चोरी हुई हैं
- चोरी हुई हार्ड डिस्क में अनरिलीज्ड फिल्मों, वेब सीरीज, विज्ञापनों का रॉ फुटेज और पोस्ट-प्रोडक्शन बैकअप शामिल
- पुलिस ने ऑफिस बॉय शाहिद को गिरफ्तार किया है, जिसने पांच महीनों में हार्ड डिस्क चुराकर बेचने की बात स्वीकार की
बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर जोया अख्तर और रीमा कागती की जानी-मानी प्रोडक्शन कंपनी 'टाइगर बेबी डिजिटल एलएलपी' के दफ्तर से फिल्मों और वेब सीरीज से जुड़ी संवेदनशील और सीक्रेट डाटा वाली 66 हाई-कैपेसिटी हार्ड डिस्क कथित तौर पर गायब हो गई हैं. गायब हुई इन हार्ड डिस्क में रिलीज हो चुकी और आने वाली कई बड़ी फिल्मों, वेब सीरीज, विज्ञापनों का 'रॉ फुटेज', एडिटेड मैटेरियल, पोस्ट-प्रोडक्शन के बैकअप और अभी तक रिलीज न हुए कंटेंट का पूरा आर्काइव शामिल था. पुलिस ने इस मामले में कंपनी के ऑफिस बॉय को गिरफ्तार किया है, जिसने बताया कि कैसे 5 महीने में उसने 66 हार्ड डिस्क पर हाथ साफ किया और उन्हें कितने में बेचा.
असली डर पैसों का नहीं, बल्कि कंटेंट...
चोरी हुए इन स्टोरेज डिवाइसेज की कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये आंकी जा रही है, लेकिन असली डर पैसों का नहीं, बल्कि कंटेंट का है. ऐसा माना जा रहा है कि अगर इन हार्ड डिस्क में मौजूद अनरिलीज्ड कंटेंट यानी जो अभी रिलीज नहीं हुआ है, अगर इंटरनेट पर लीक हो गया तो प्रोडक्शन हाउस को काफी भारी-भरकम नुकसान झेलना पड़ सकता है.
हार्ड डिस्क की जगह मिले खाली और टूटे-फूटे डिब्बे
यह पूरा मामला 21 मई 2026 को तब सामने आया, जब बांद्रा वेस्ट स्थित ऑफिस के कुछ कर्मचारी अपने डेली वर्क के लिए एक खास हार्ड डिस्क ढूंढ रहे थे. काफी तलाशने के बाद भी जब डिस्क नहीं मिली, तो शक होने पर कर्मचारियों ने डेटा स्टोरेज वाले बॉक्सों की जांच की. इन बॉक्स को खोलते ही सबके होश उड़ गए! वहां असली हार्ड डिस्क की जगह सिर्फ खाली और टूटे-फूटे डिब्बे रखे हुए थे.
पुलिस ने शाहिद को किया गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि टाइगर बेबी फिल्म्स के दफ्तर में न तो बड़ा नुकसान पहुंचने का कोई निशान था और न ही कोई तोड़फोड़ हुई थी. इसके बाद कंपनी की एचआर एडमिनिस्ट्रेटर मेहजबीन मुश्ताक शेख ने तुरंत बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई. बांद्रा पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों मोहम्मद शाहिद अजीम खान और रितेश के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है, जो इसी इसी दफ्तर में ऑफिस बॉय के रूप में काम करता था.
5 महीने में एक-एक हार्ड डिस्क चुराई, 15 हजार में बेची
शाहिद पिछले कई सालों से इसी कंपनी में था और उसी के कंधों पर इन कीमती हार्ड डिस्क को संभालने और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी थी. बताया जा रहा है कि पूछताछ में शाहिद ने कबूला कि वह पिछले 5 महीनों से लगातार एक-एक करके हार्ड डिस्क चुरा रहा था. शाहिद ने बताया कि उसने बोरिवली के रहने वाले रितेश नाम के शख्स को 24 हार्ड डिस्क महज 15,000 से 20,000 रुपये प्रति डिस्क के हिसाब से बेच दीं. हालांकि, बाकी बची हुई हार्ड डिस्क कहां हैं, इस पर वह पुलिस को गुमराह कर रहा है.
66 हार्ड डिस्क हुई हैं गायब
जांच में सामने आया है कि प्रोडक्शन हाउस के पास कुल 119 हार्ड डिस्क थीं, जिनमें से 66 गायब हैं. ये कोई आम डिस्क नहीं थीं, बल्कि 16 TB से लेकर 72 TB तक की भारी क्षमता वाली डिस्क हैं. इनमें 'मेड इन हेवन' (Made in Heaven), 'घोस्ट स्टोरीज' (Ghost Stories), 'नायका' (Nykaa) ऐड कैंपेन, और 'गांधी मनी' (Gandhi Money) की हार्ड डिस्क भी शामिल है. पुलिस इस मामले में कंपनी के एक और कर्मचारी की भूमिका की भी जांच कर रही है. शक है कि ये भी इस चोरी के खेल में शामिल हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
ये भी पढ़ें:- Google Play Store की इन AI ऐप्स से डेटा लीक, करोड़ों लोगों की फोटोज़ और KYC डिटेल्स हुई सार्वजनिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं