दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन का असर 57 मेट्रो स्टेशनों पर पड़ता दिख रहा है. 10 तारीख को प्रदर्शन के चलते शुक्रवार रात 9 बजे से ही मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए जाएंगे.
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर और दिल्ली के कई इलाकों में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों और संभावित भीड़ की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद?
दिल्ली पुलिस ने एक आदेश जारी कर बताया कि 10 तारीख को प्रदर्शन के कारण 9 तारीख की रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए जाएंगे.
प्रभावित मेट्रो स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी घटाई जा सकती है. कुल 57 स्टेशनों के गेट बंद करने और ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी कम करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रमुख स्टेशनों में राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, नई दिल्ली, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग, सेवा तीर्थ/उद्योग भवन, कश्मीरी गेट, हौज खास, आईएनए, लाजपत नगर शामिल हैं.
कई ट्रेनें भी हो गईं रद्द
मेट्रो स्टेशन के अलावा प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. रेलवे ने बताया कि प्रदर्शन के कारण 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वालीं कई ट्रेनें रद्द रहेंगी.
रेलवे ने बताया कि दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वालीं और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वालीं ट्रेनें रद्द रहेंगी.
10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन होने वाला है. इस कारण ही दोनों रेलवे स्टेशनों के पास भारी ट्रैफिक जाम हो सकता है. इसे देखते ही ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया गया है.
रेलवे ने बताया कि यात्रियों को सुविधा को देखते हुए कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन आने से पहले वे अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं