- तीन महीने में दो सगे भाइयों की एक ही तलाब में डूबकर मौत
- हादसे से परिवार में मचा कोहराम, बेसुध हुई युवक की मां
- अब परिवार में मां और एक छोटा भाई ही रह गए हैं
गुजरात के महेसाणा शहर के पास नुगर गांव में तालाब में डूबने से 24 साल के सचिन रावल की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सचिन शौच के लिए तालाब किनारे गया था, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया और डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला. बता दें कि करीब तीन महीने पहले ही सचिन के एक भाई की भी इसी तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हुई थी.
परिजनों के अनुसार, सचिन सुबह मोटप में अपनी नौकरी पर गया था. वेतन मिलने के कारण बैंक की पासबुक लेने के लिए वह वापस घर आया था. इसके बाद वह शौच के लिए गांव के तालाब की ओर गया, जहां यह हादसा हो गया. गांव का तालाब काफी गहरा होने के कारण सचिन को बचाया नहीं जा सका.
तीन महीने पहले इसी जगह हुई थी भाई की मौत
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. करीब तीन महीने पहले ही सचिन के एक भाई की भी इसी तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हुई थी. अब कुछ ही महीनों के अंतराल में दो सगे भाइयों की एक ही तालाब में डूबने से मौत होने से परिवार में मातम पसरा है.
पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
बताया जा रहा है कि परिवार में पहले ही पिता का निधन हो चुका है. अब परिवार में मां और एक छोटा भाई ही रह गए हैं. महेसाणा फायर विभाग और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं