विज्ञापन
This Article is From Dec 24, 2015

मुंबई में कड़ाके की ठंड, पारा 11.6 डिग्री पर, दिल्ली समेत उत्तर भारत ठिठुरा

मुंबई में कड़ाके की ठंड, पारा 11.6 डिग्री पर, दिल्ली समेत उत्तर भारत ठिठुरा
नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी बढ़ती ही जा रही है। आमतौर पर गर्म रहने वाले मुंबई में भी इस बार ठंड पड़ गई है जोकि पहले कभी नहीं देखा गया। बुधवार को करीबी हिल स्टेशन महाबलेश्वर में टेम्परेचर 14 डिग्री था और मुंबई के सांताक्रूज में यह 11.6 रिकॉर्ड किया गया। मुंबई के सांताक्रूज में बुधवार को टेम्परेचर 11.6 डिग्री रहा जोकि सामान्य टेम्परेचर से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

वहीं, दिल्लीवासियों को गुरुवार सुबह भी कड़ी ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ा। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कई इलाकों में हल्का कोहरा रहा और दृश्यता का स्तर घटकर 200 मीटर हो गया।

उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर 97 प्रतिशत आद्रता दर्ज की गयी। मौसम अधिकारी ने मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान व्यक्त किया है। कल का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, अमृतसर में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर को आज कड़ाके की ठंड ने अपने कब्जे में ले लिया है और रात में यहां का तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। हालांकि पंजाब के अन्य इलाकों में भी ठंड का कहर जारी है।
 

मौसम विभाग ने बताया कि अमृतसर में न्यूनतम तापमान कल के न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है और यह सामान्य से चार डिग्री नीचे है। लुधियाना में भी ठंड का प्रकोप है और यहां पर तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में यह 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री नीचे है। हिसार और करनाल में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और यहां पर न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर गुरुवार को ठिठुरन और शीतलहर बनी हुई है। कुछ स्थानों पर कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में शीतलहर का असर बने रहने की संभावना जताई है। राज्य के विभिन्न इलाकों में तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर बना हुआ है। राजधानी भोपाल का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री, इंदौर का 7 डिग्री, ग्वालियर का 6.4 डिग्री और जबलपुर का तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री, इंदौर का 22.2 डिग्री, ग्वालियर का 21.9 डिग्री और जबलपुर का 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू एवं कश्मीर राज्य इस वक्त जबर्दस्त ठंड का सामना कर रहा है। पूरे राज्य में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। यहां एक स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "राज्य में सभी क्षेत्रों में शुष्क मौसम के चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।"

श्रीनगर में पारा हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है और बुधवार रात्रि तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 4.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं। पर्यटक स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे पहुंच गया है।

पहलगाम में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। कश्मीर इस वक्त कड़ाके की सर्दी वाली 40 दिनों की अवधि 'चिल्लई कलां' का सामना कर रहा है, जो सोमवार को शुरू हुई। लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू शहर में बुधवार के 5.6 डिग्री की तुलना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू शहर में दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं। जम्मू प्रांत के अन्य इलाकों जैसे कटरा कस्बे में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री व बनिहाल में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बटोत में शून्य से 0.7 डिग्री, उधमपुर में शून्य से 0.6 डिग्री और भदरवाह कस्बे में शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Previous Article
गुरमीत राम रहीम को सुप्रीम कोर्ट से लगा बड़ा झटका, बेअदबी मामले में चलेगा केस
मुंबई में कड़ाके की ठंड, पारा 11.6 डिग्री पर, दिल्ली समेत उत्तर भारत ठिठुरा
फ़ेयरवेल के बाद अपने घर में मृत मिला केरल का अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने लगाया था गलत काम करने का आरोप
Next Article
फ़ेयरवेल के बाद अपने घर में मृत मिला केरल का अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने लगाया था गलत काम करने का आरोप
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com