यह ख़बर 05 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अरविंद केजरीवाल का असर, अखिलेश ने काफिले में की कटौती

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) की सादगी की मुहिम का असर देश के अन्य नेताओं में दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने वाहनों का काफिला छोटा कर दिया है। अभी तक उनके काफिले में दस गाड़ियां थीं, वहीं अब यह संख्या घटाकर पांच कर दी गई हैं।

अखिलेश के काफिले के वाहनों की संख्या तो कम हुई ही है साथ ही यह भी निश्चय किया गया है कि सड़कों पर उनका काफिला गुजरने के दौरान यातायात को बेवजह नहीं रोका जाएगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही छोटे काफिले में चल रहे थे। अब उन्होंने उसमें और कटौती कर दी है। साथ ही उन्होंने वीआईपी के गुजरने के दौरान यातायात न रोकने के निर्देश दिए हैं, जो उनकी सादगी का प्रतीक है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अखिलेश ने अपने काफिले वाहनों की संख्या कम करके दस कर दी थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री मायावती के काफिले में करीब 25 गाड़ियां चलती थीं। माना जा रहा है कि आप के नेताओं खासकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू की गई सादगी की मुहिम के बाद अन्य नेता भी अब खुद को सादगी पसंद दिखाना चाहते हैं।