Uttar Pradesh Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा (UP Election News) चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज मतदान हुआ. इस चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले गए. शाम 6 बजे मतदान खत्म होने तक 61.1 फीसदी वोट पड़ा है. जबकि 2017 के चुनाव में 62.4 फीसदी वोटिंग हुई थी यूपी के 16 जिलों में ललितपुर में सबसे ज्यादा और कानपुर में सबसे सुस्त वोटिंग दिखी. हाथरस में 63.14 फीसदी, फिरोजाबाद में 61.89 फीसदी, कासगंज में 63.04 फीसदी, एटा में 65.7 फीसदी, मैनपुरी में 63.66 फीसदी, फर्रूखाबाद मे 59.13 फीसदी, कन्नौज में 61.93 फीसदी और इटावा मे 61.32 फीसदी मतदान हुआ. औरैया में 60.62 फीसदी, कानपुर देहात में 62.40 फीसदी, कानपुर शहर में 59.93 प्रतिशत, जालौन में 59.93 प्रतिशत और झांसी में 63.58 प्रतिशत वोटिंग हुई. ललित में 69.61 फीसदी, हमीरपुर में 62.89 प्रतिशत, महोबा में 64.56 प्रतिशत वोट पड़े. यूपी के तीसरे चरण में 627 उम्मीदवार थे. 16 जिलों में 2.15 करोड़ से ज्यादा मतदाता थे, जिनमें से 61 फीसदी ने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
'बीजेपी की पर्ची ही निकल रही है': अखिलेश यादव की पार्टी ने लगाया अनियमितता का आरोप
यूपी में सुबह 9:00 बजे तक 8.15% मतदान हुआ. वहीं सुबह 11 बजे तक 21.18 फीसदी मतदान हुआ. हालांकि, बाद में धीरे-धीरे इसमें इजाफा देखने को मिला. दोपहर 1 बजे तक 35.88 फीसदी वोटिंग हुई, जो तीन बजे तक 48.81 फीसदी तक पहुंच गई. अगर पिछले चुनाव की बात करें तो 9 बजे तक 10.3 फीसदी, 11 बजे तक 24.3 प्रतिशत और 1 बजे तक 39 फीसदी वोट पड़ चुके थे. इस हिसाब से देखें तो 1 बजे तक पिछली बार के मुकाबले करीब तीन फीसदी वोटिंग कम हुई है. शाम 5 बजे तक 57.3 प्रतिशत मतदान हुआ था.
सैफई में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम यादव ने आज वोट डाला. वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी वोटिंग करने के लिए आए थे. राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीसरे चरण की वोटिंग के बीच आज NDTV से बातचीत में दावा किया कि उनकी पार्टी यूपी विधानसभा चुनावों के पहले दो चरणों में ही "शतक" पूरा कर लिया है. उन्होंने कहा कि पहले के दो चरणों में उनके गठबंधन को 100 से ज्यादा सीटें मिलेंगी.
गौरतलब है कि इस चरण में कुल 627 उम्मीदवार किस्मत आजमाने के लिए मैदान में हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा. हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरय्या, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में मतदान जारी है. बता दें कि इसके लिए शनिवार शाम को ही पोलिंग पार्टियां सभी जिलों में पहुंच गई थीं.