विज्ञापन
This Article is From Jan 11, 2021

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का दावा- बंगाल में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी बीजेपी

प्रहलाद पटेल ने कहा, बंगाल के लोग ममता बनर्जी सरकार से नाराज हैं और बदलाव चाहते हैं, बीजेपी तृणमूल कांग्रेस को हराएगी

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का दावा- बंगाल में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी बीजेपी
केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल (फाइल फोटो).
नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने रविवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी सरकार से नाराज हैं तथा राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतेगी. मंत्री ने एक बयान में यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस सरकार की उपेक्षा का शिकार है.

पटेल ने कहा, ‘‘बंगाल के लोग ममता बनर्जी सरकार से नाराज हैं और बदलाव चाहते हैं. भाजपा बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस को हराएगी और सरकार बनाएगी. बंगाल राज्य सरकार की उपेक्षा का शिकार है.'' उत्तर बंगाल के दौरे पर गए पटेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने चाय बागान के कर्मियों के लिए कुछ नहीं किया.

गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है और कई मंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं. मिशन बंगाल के तहत केंद्र और राज्य के आठ मंत्रियों को पश्चिम बंगाल की अलग-अलग लोक सभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है. राज्य में 42 लोक सभा सीटें हैं जिनमें से 18 बीजेपी के पास हैं. बीजेपी ने राज्य की 293 में से 200 विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है.  

यह मंत्री हैं जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, आदिवासी मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा, संस्कृति राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल, शिपिंग राज्य मंत्री मनसुख भाई मंडाविया, पशुपालन राज्य मंत्री संजीव बालियान, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र.  

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद पटेल को सबसे अधिक छह लोक सभा सीटों का प्रभार दिया गया है. यह लोक सभा हैं- कूचबिहार, अलीपुरदार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, रायगंज और बलूरघाट. अन्य मंत्रियों को पांच-पांच लोक सभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौपी गई है. गजेंद्र सिंह शेखावत को बोनगांव, दमदम, बारसाट, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर का दायित्व दिया गया है. अर्जुन मुंडा झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरलिया, बांकुरा और बिशनपुर के प्रभारी बनाए गए हैं. संजीव बालियान को जांगीपुर, बहरामपुर, मुर्शिदाबाद, कृष्णानगर और रानाघाट की जिम्मेदारी दी गई है. मनसुख भाई मंडाविया को माल्दा उत्तर, माल्दा दक्षिण, तामलुक, कांठी और घाटल का दायित्व दिया गया. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को बैरकपुर, बशीरहाट, जायनगर, माथुरपुर और डायमंड हार्बर का प्रभारी बनाया गया है. केशव प्रसाद मौर्य हाव़ड़ा, उलबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली और आरामबाग के प्रभारी होंगे. नरोत्तम मिश्र को वर्धमान पूर्व, वर्धमान दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर और बीरभूम का प्रभारी बनाया गया है.  
(इनपुट भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Union Minister Prahlada Patel, BJP, Bengal Assembly Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com