हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक छात्रा अपने गानों में महिलाओं की गलत तस्वीर पेश करने के लिए रैपर हनी सिंह से भिड़ गई थी। अब मुंबई की दो महिलाओं उप्पेका जैन और पंखुड़ी अवस्थी ने अपना एक वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया है। इन्होंने अपने विडियो का नाम 'BomBaebs' #RapAgainstRape रखा है। इस रैप के जरिए उन्होंने भारत में महिलाओं की समस्याएं उजागर की हैं।
डिस्क्लेमर : वीडियो में कुछ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल हो सकता है। दर्शक अपने विवेक का इस्तेमाल करें।
सोमवार को यूट्यूब पर अपलोड हुए इस वीडियो को अब तक 29000 से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो की शुरुआत में ही डिस्क्लेमर चलता है कि इसमें किसी भी तरह की गलत सामग्री नहीं है। बल्कि 'यह भारत में महिलाओं की सच्चाई को बयान करता है।'
वो वीडियो में कहती हैं, 'वी आर नाउ नॉन एज द लैंड ऑफ रेप्स... बट डिड यू ऐवर वंडर, हाउ दिस टुक शेप.' इसके बाद ये दोनों महिलाएं सिलसिलेवार ढंग से बताती हैं कि इस देश में महिलाओं से किस तरीके से पेश आया जाता है, इसके लिए वो कई उदाहरण भी देती हैं।
इस वीडियो में ये दोनो रैप गाने के साथ-साथ हाथों में #DomesticViolence (घरेलू मारपीट) , #misogyny (महिलाओं के खिलाफ नफरत), #rape (बलात्कार) और #slut (वेश्या) लिखे हुए पोस्टर पकड़े हुए दिखती हैं।
रैप में वो समाज से सोशल मीडिया पर बहस करने की बजाय कदम उठाने की गुहार लगाती हैं। वो गाती हैं... 'स्टॉप ट्वीट एंड एक्चुअली गेट ऑन योर फीट. एंड हेल्प रिफॉर्म दिस माइंडसेट. दैट फॉर ईयर्स हैज बीन प्रीसेट.'
रैप में वो बताती हैं कि वो रैपर नहीं हैं बल्कि आम लड़कियां हैं और आपकी आंखें खोलने की कोशिश कर रही हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं