सीपीएम के महासचिव चुने गए सीताराम येचुरी, जानें उनके बारे में दस ख़ास बातें

नई दिल्ली:

सीताराम येचुरी मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के नए महासचिव चुने गए हैं। पार्टी के सबसे अहम पद के लिए रामचंद्रन पिल्लई के नाम वापस लेने के चलते आखिर में येचुरी को सर्वसम्मति से पार्टी का महासचिव चुन लिया गया। वे पार्टी के पांचवें महासचिव चुने गए हैं।
 
उनके बारे में दस ख़ास बातें जानिए...

  1. सीताराम येचुरी का जन्म 12 अगस्त, 1952 को तमिलनाडु में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था।
  2. हैदराबाद में स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद सीताराम येचुरी 1970 सेंट स्टीवेंस कॉलेज नई दिल्ली में अर्थशास्त्र स्नातक की पढ़ाई करने पहुंचे। 1973 में वे फर्स्ट क्लास से स्नातक पूरी करने में कामयाब रहे।
  3. इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए किया। इस दौरान वामपंथी राजनीति में उनका झुकाव था, 1974 में वे भारतीय स्टुडेंट्स फेडरेशन से जुड़े।
  4. 1975 में येचुरी मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के सदस्य बने। आपातकाल का विरोध करने के चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। कुछ समय तक उन्हें भूमिगत भी रहना पड़ा था। जेल जाने के चलते ही वे जेएनयू से अपनी पीएचडी की डिग्री को पूरी नहीं कर पाए थे।
  5. 1977-78 के दौरान येचुरी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष भी चुने गए। 1978 में उन्हें स्टुडेंट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया का अखिल भारतीय महासचिव चुना गया। 1986 में उन्होंने अध्यक्ष के तौर स्टुडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया को छोड़ने का फैसला लिया।
  6. 1984 में येचुरी को सीपीएम की सेंट्रल कमेटी की बैठक में पहली बार निमंत्रित किया गया। 1985 में सीपीएम के बारहवें अधिवेशन में उन्हें सेंट्रल कमेटी में शामिल किया गया।
  7. 1992 में सीताराम येचुरी को पोलित ब्यूरो का सदस्य बनाया गया। इसके बाद वे पार्टी के इंटरनेशनल विंग के हेड रहे। साथ में पार्टी के मुख्य पीपल्स डेमोक्रेसी के संपादक की जिम्मेदारी भी संभाली।
  8. जुलाई, 2005 में येचुरी पहली बार पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के सदस्य के तौर पर चुने गए। इसके बाद वे कई संसदीय समितियों में शामिल रहे हैं। विदेश नीति के मुताबिक वे चीन समर्थक और अमेरिका विरोधी माने जाते हैं।
  9. भारत सरकार की ओर से संसद सदस्यों के प्रोफाइल के मुताबिक येचुरी की दिलचस्पी लॉन टेनिस में रही है। वे अपनी यूनिवर्सिटी की लॉन टेनिस टीम के कप्तान भी रहे हैं। इंटर कॉलेज टेनिस कंपीटिशन का खिताब भी उन्होंने जीता था।
  10. सीताराम येचुरी की पत्नी सीमा चिश्ती येचुरी हैं जो जानीमानी पत्रकार हैं। सीमा बीबीसी हिंदी की संपादक रह चुकी हैं और इंडियन एक्सप्रेस की स्थानीय संपादक हैं। संसद सदस्यों की प्रोफाइल में दी गई जानकारी के मुताबिक येचुरी की तीन संतानें (एक बेटी और दो बेटे) हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com