यह ख़बर 25 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर भारत में तेज धूप, गर्मी से राहत नहीं

खास बातें

  • राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, बिहार सहित पूरा उत्तर भारत लू एवं तेज धूप की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
नई दिल्ली:

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, बिहार सहित पूरा उत्तर भारत लू एवं तेज धूप की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं है। बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई।

दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज धूप के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की सम्भावना व्यक्त की थी।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने बताया, "अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की सम्भावना है।"

गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह इस मौसम का सर्वाधिक स्तर है। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस था।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। शुक्रवार सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया, "अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। पछुआ हवाओं के कारण लू के थपेड़े चल रहे हैं।"उन्होंने कहा कि लू का दौर अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही जारी रहेगा।

गुरुवार को लखनऊ  का पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद 45.3 डिग्री, बनारस का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और गोरखपुर का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पटना समेत बिहार के सभी इलाकों में गरमी और लू का कहर जारी है। राज्य में गया का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान 40 के ऊपर बना रहेगा।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक शुक्रवार सुबह पटना का तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस तथा गया का 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर का सुबह का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गुरुवार को राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र गया रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटना का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तथा भागलपुर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमविदों का मानना है कि अगले एक-दो दिनों में मौसम में कोई खास परिवर्तन की संभावना नहीं है।