विज्ञापन
This Article is From Sep 10, 2018

हवा में उड़ते हुए तेजस लड़ाकू विमान में भरा गया ईंधन, भारत की बड़ी सफलता

सैन्य विमानों में हवा में उड़ान के दौरान ईंधन भरने की प्रणाली से समृद्ध विशिष्ट देशों के समूह में शामिल हुआ भारत

हवा में उड़ते हुए तेजस लड़ाकू विमान में भरा गया ईंधन, भारत की बड़ी सफलता
हवा में वायुसेना के टैंकर से तेजस लड़ाकू विमान में ईंधन भरा गया.
  • जमीन से बीस हजार फुट की ऊंचाई पर भरा गया ईंधन
  • वायुसेना के ईंधन भरने वाले टैंकर ने तेजस में डाला 1900 किलो ईंधन
  • ग्वालियर में स्टेशन से एचएएल और एडीए के अधिकारियों ने मानकों पर रखी नजर
नई दिल्ली: देश में निर्मित हल्के लड़ाकू विमान तेजस में पहली बार सफलतापूर्वक हवा में उड़ान के दौरान ईंधन भरा गया. इस तरह भारत उन देशों के विशिष्ट समूह में शामिल हो गया है जिसके पास सैन्य विमानों के लिए हवा में उड़ान के दौरान ईंधन भरने की प्रणाली है.

हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने यह जानकारी दी है. हल्के लड़ाकू विमान विकसित करने वाली एचएएल की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि सुबह साढ़े नौ बजे यह सफलता मिली. उस दौरान बीस हजार फुट की ऊंचाई पर वायु सेना के आईएल78 के ईंधन भरने वाले टैंकर से तेजस एलएसपी8 में 1900 किलोग्राम ईंधन भरा गया.

यह भी पढ़ें : भारतीय लड़ाकू विमान तेजस का पहली बार हवा में ईंधन भरने का परीक्षण

कुछ दिन पहले वायु सेना ने रूस निर्मित आईएल-78 एमकेआई टैंकर का इस्तेमाल करते हुए हवा में ईंधन भरने का सफल परीक्षण किया था. विज्ञप्ति में कहा गया कि वायु सेना के आईएल78 से हवा में 1900 किलोग्राम ईंधन हल्के लड़ाकू विमान (तेजस एलएसपी8) में सफलतापूर्वक भरा गया. ग्वालियर में स्टेशन से एचएएल और एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) के अधिकारी सभी मानकों पर करीबी नजर रखे हुए थे.

VIDEO: सिंगापुर के रक्षा मंत्री ने तेजस में उड़ान का अनुभव लिया

एचएएल के मुताबिक, ईंधन भरे जाने के दौरान तेजस विमान की रफ्तार 270 नॉट थी. विज्ञप्ति में एचएएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर माधवन के हवाले से कहा गया है कि इसके साथ भारत उन देशों के समूह में शामिल हो गया है जिसके पास सैन्य श्रेणी के विमानों के लिए हवा में उड़ान के दौरान ईंधन भरने की प्रणाली है.
(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Air To Air Refueling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com