यह ख़बर 11 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सुब्रह्मण्यम स्वामी की जनता पार्टी का बीजेपी में विलय

खास बातें

  • जनता पार्टी के अध्यक्ष सुब्रह्मण्यम स्वामी ने अपनी पार्टी का रविवार को भारतीय जनता पार्टी में विलय कर दिया। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और पूर्व भाजपा प्रमुख नितिन गडकरी की मौजूदगी में स्वामी ने यह घोषणा की।

आगामी आम चुनाव से पहले सुब्रह्मण्यम स्वामी ने अपनी जनता पार्टी का भाजपा में विलय करने की घोषणा की।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और पूर्व भाजपा प्रमुख नितिन गडकरी की मौजूदगी में स्वामी ने यह घोषणा की।

विलय से पहले, स्वामी ने राजनाथ सिंह के आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की, जिन्होंने उनकी पार्टी का भाजपा में विलय को स्वीकार किया और उम्मीद जाहिर की कि इससे भाजपा मजबूत होगी।

स्वामी के फैसले के बाद सिंह ने कहा, ‘‘डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उन्होंने फैसला किया है कि जनता पार्टी और भाजपा का विलय होना चाहिए। आज मैंने जनता पार्टी का भाजपा में विलय स्वीकार लिया। मैं आश्वस्त हूं कि स्वामी के भाजपा से जुड़ने और उनकी पार्टी का विलय होने से भाजपा को फायदा होगा। भाजपा में डॉ. स्वामी का स्वागत है।’’ सिंह ने कहा कि स्वामी इससे पहले जनसंघ के नेता रहे हैं और स्वीकार करते हैं कि राष्ट्रहित में एकसाथ मिलकर काम करना समय की जरूरत है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विलय के बाद स्वामी ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि विलय प्रक्रिया के तहत भाजपा अध्यक्ष और भाजपा के अन्य नेताओं ने भाजपा में मेरा स्वागत किया है।’ उन्होंने कहा कि देश ‘काफी कठिन समय से’ गुजर रहा है’ और राष्ट्र तथा राष्ट्रवादी उद्देश्यों के लिए यह एक होने का समय है।