विज्ञापन
This Article is From Nov 03, 2012

चक्रवात 'नीलम' : लापता सभी पांच नाविकों के शव बरामद

चक्रवात 'नीलम' : लापता सभी पांच नाविकों के शव बरामद
चेन्नई: चक्रवात 'नीलम' से कुछ घंटे पहले तेज हवाओं के कारण शहर के तट पर फंसे एक तेल टैंकर के लापता हुए सभी पांच नाविकों के शव बरामद हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि चार शव शुक्रवार को बरामद कर लिए गए थे। एक शव शनिवार सुबह मिंजूर तटीय क्षेत्र के नजदीक मिला।

ये पांचों नाविक बुधवार को उस समय लापता हो गए थे, जब उनकी जीवनरक्षक नौका उफनते पानी में पलट गई थी। इस नौका में सवार 16 नाविकों को स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया था। एक नाविक की उस दिन डूब जाने से मौत हो गई थी। पोत के 15 नाविक गुरुवार को बचाए गए थे। फंसे पोत पर चालक दल के 37 सदस्य सवार थे।

घटना की प्रारंभिक जांच के आदेश दे चुका जहाजरानी महानिदेशालय जल्द ही फंसे हुए पोत को बचाने का अभियान शुरू करेगा। यह पोत मुंबई स्थित प्रतिभा जहाजरानी कंपनी का है। जहाजरानी महानिदेशालय ने शुक्रवार रात कहा था कि पोत को बचाने का काम 7 नवम्बर से शुरू किए जाने की संभावना है। मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को आदेश दिया था कि अगले आदेश तक पोत चेन्नई बंदरगाह से बाहर नहीं जाना चाहिए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyclone Nilam, नीलम तूफान, चक्रवात में डूबा जहाज, चेन्नई बंदरगाह