यह ख़बर 29 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

झुलस रहा है उत्तर भारत, शिमला भी नहीं रहा 'कूल'

खास बातें

  • राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत तेज धूप से झुलस रहा है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का दौर जारी है।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत तेज धूप से झुलस रहा है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का दौर जारी है। बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। सूरज के तीखे तेवरों ने शिमला को भी नहीं बख्शा। वहां भी तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटे में आर्द्रता अधिकतम 41 प्रतिशत और न्यूनतम 12 प्रतिशत रही। तेज धूप व गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है। गर्मी व धूप से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को तापमान में और वृद्धि हो सकती है। यह अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार की राजधानी पटना सहित राज्यभर में भीषण गर्मी का दौर जारी है। तेज धूप और उमस ने पशु-पक्षियों को भी परेशान कर रखा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि पटना का तापमान 29 डिग्री, गया का 27.3 डिग्री और पूर्णिया का 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जब तक मानसून नहीं आ जाता, गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना नहीं है।

उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी और लू के थपेडों से लोग परेशान हैं। इससे तुरंत राहत मिलने की सम्भावना नहीं है। राज्य में मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि ही होने के अनुमान हैं। मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में रातें भी गर्म हो गई हैं। राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यह अधिकतम 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी।

सूरज के तीखे तेवरों ने इन दिनों आम तौर पर ठंडा रहने वाले हिमाचल प्रदेश को भी नहीं बख्शा। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कई महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर अधिकतम तापमान औसत से दो से चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह तापमान में कमी आ सकती है। शिमला में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नरकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चम्बा और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर भी तापमान सामान्य से अधिक रहा। ऊना 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ हिमाचल का सबसे गर्म शहर रहा। धर्मशाला का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि यह न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।