भ्रष्‍टाचार करने वालों को नहीं बख्‍शेगी सरकार : पीएम नरेंद्र मोदी

भ्रष्‍टाचार करने वालों को नहीं बख्‍शेगी सरकार : पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्‍ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार करने वालों के साथ कोई मुरव्वत नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 45 वरिष्ठ अधिकारियों को 'सरकारी कामकाज और जन-सेवा में असंतोषजनक प्रदर्शन' के कारण या तो हटा दिया है या उनकी पेंशन काट ली गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रणालीगत और नीति-नियंत्रित शासन चलाने पर ध्यान दे रही और राजकाज का ऐसा ढांचा चाहती है जो 'संवेदनशील, परदर्शी और जवाबदेह' हो।

पीएम मोदी यहां सीबीआई द्वारा संपतियों की वसूली पर छठे वैश्विक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया भर में गरीब और उपेक्षित लोगों के जीवन में सुधार के लिए चिंतित सरकारों के समक्ष भ्रष्टाचार एक 'प्रमुख चुनौती' है। पीएम ने कहा, 'भारत में हम इस समय राष्ट्र निर्माण के एक महत्वपूर्ण दौर में हैं। हमारा उद्देश्य भारत को समृद्ध बनाना है। हम एक ऐसा भारत चाहते है जहां का हर किसान समर्थ हों, मजदूर संतुष्ट हों, महिलाएं अधिकार-संपन्न हो और युवा आत्म-निर्भर हों।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने भ्रष्‍टाचार को देश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि भ्रष्‍टाचार से निपटने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। साथ ही ब्लैक मनी पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पीएम ने व्यवस्था में पारदर्शिता को ज़रूरी बताया और कहा कि राष्ट्रीय संसाधनों पर भ्रष्टाचार रोका जाना जरूरी है।