विज्ञापन
This Article is From Sep 06, 2019

शेहला रशीद पर कश्मीर पर ट्वीट करने के लिए देशद्रोह का मामला दर्ज 

जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट की नेता शेहला रशीद के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है. 

शेहला रशीद पर कश्मीर पर ट्वीट करने के लिए देशद्रोह का मामला दर्ज 
जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट की नेता शेहला रशीद
नई दिल्ली:

जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट की नेता शेहला रशीद के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि रशीद ने कई ट्वीट कर आरोप लगाया था कि जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लिए जाने के बाद सशस्त्र बलों ने घाटी में आम नागरिकों को ‘‘प्रताड़ित” किया और घरों में “तोड़फोड़” की. रशीद ने 17 अगस्त को एक के बाद एक कई ट्वीट कर आरोप लगाया कि कश्मीर में सशस्त्र बल रात में घरों में घुसे और उनमें “तोड़फोड़” की. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि चार लोगों को शोपियां में सैन्य शिविर में बुलाया गया और उनसे “पूछताछ की (प्रताड़ित किया).” उन्होंने दावा किया था कि इन लोगों के पास में एक माइक रखा गया था ताकि, “पूरा इलाका उनकी चीख सुन सके और आतंकित हो.”  

कश्मीर के हालातों पर दावा करके फंसी शेहला रशीद, फर्जी खबरें फैलाने को लेकर आपराधिक शिकायत दर्ज

बाद में, उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता अलख आलोक श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक के पास यह कहते हुए शिकायत दर्ज कराई कि जेएनयू की पूर्व छात्र नेता के आरोप “पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत” हैं. अपनी शिकायत में श्रीवास्तव ने कहा था कि रशीद के आरोप निराधार हैं क्योंकि उन्होंने कथित प्रताड़ना की न कोई “वॉइस रिकॉर्डिंग” सामने रखी और न ही घटनाओं की तारीख और समय बताया. साथ ही उन्होंने रशीद पर “देश में हिंसा भड़काने की मंशा से जानबूझ कर फर्जी खबरें फैलाने” और भारतीय सेना की छवि धूमिल करने का भी आरोप लगाया. श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी हरकत, “प्रथम दृष्टया देशद्रोह का अपराध है'' क्योंकि उनकी मंशा, “भारत सरकार के प्रति घृणा पैदा करने की थी.” 

छात्र नेता शेहला रशीद का आरोप, हिन्दूवादी माफिया डॉन रवि पुजारी ने दी जान से मारने की धमकी

पुलिस ने कहा कि श्रीवास्तव से शिकायत मिलने के बाद इसे जांच के लिए दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया। तीन सितंबर को दर्ज की गई प्राथमिकी में रशीद पर भारतीय दंड संहिता (भादंसं) की धारा 124ए (देशद्रोह), 153 ए (धर्म, नस्ल, जन्म स्थान, निवास, भाषा के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य भड़काना), 153 (दंगा भड़काने की मंशा से अकारण उकसाना), 504 (शांति भंग करने की मंशा के साथ जानबूझकर अपमानित करना) और 505 (लोक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले वक्तव्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ रशीद के सहपाठी एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के खिलाफ दर्ज देशद्रोह के मामले की भी जांच कर रहा है. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shehla Rashid, Shehla Rashid Shora, Jammu Kashmir, Article 370, Shehla Rashid Tweet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com