यह ख़बर 19 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

आरटीआई कार्यकर्ता पर जुल्म, बंधक बनाकर सिगरेट से दागा, रॉड से पीटा

नई दिल्ली:

क्या उत्तर प्रदेश में अब भी गुंडाराज चल रहा है?  क्या आरटीआई के जरिये किसी की करतूत उजागर करना यूपी में गुनाह है? दनकौर के 29 साल के अनूप सिंह को शायद यही लग रहा होगा। ठेकेदार के खिलाफ आवाज उठाने और शिकायत करने की एवज में अनूप को अगवा कर लिया गया और चार दिनों तक बंधक बनाकर उन्हें बुरी तरह टॉर्चर किया गया। बदमाशों ने उन्हें सिगरेट से जलाया, लोहे की रॉड से दागा और बुरी तरह मारा। उनके शरीर पर कोई ऐसी जगह नहीं, जहां जख्म न हों।

अनूप बुरी तरह जख्मी हालत में ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि अब पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दरअसल अनूप सिंह बीजेपी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी पिंकी दनकौर में बीडीसी यानी क्षेत्रीय पंचायत की सदस्य हैं।

बताया गया है कि अनूप सिंह आरटीआई के सहारे जानकारी जुटाने में लगे रहते थे और उन्होंने कुछ वक्त पूर्व एक ठेकेदार के खिलाफ शिकायत भी की थी। सक्का गांव के अनूप ने यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी को शिकायत दी और उसके बाद जांच भी बैठाई गई।

इसी दौरान, अनूप को धमकियां आने लगीं और उन्होंने इसके लिए पुलिस से मदद भी मांगी। 13 दिसम्बर की सुबह अनूप अपनी बाइक से दनकौर निकले, तो रास्ते में उन्हें चार लोगों ने अगवा कर लिया। इसके बाद उन्हें बुलंदशहर के एक मकान में ले जाया गया। यहां बदमाशों ने चार दिनों तक उन्हें न कुछ खाने-पीने को दिया और न ही सोने दिया। बदमाशों ने उन्हें बुरी तरह टॉर्चर किया। शरीर पर सिगरेट से दागा गया और लोहे की गर्म सलाखों से भी जलाया गया। अनूप उनसे रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन बदमाश नहीं माने। आखिरकार चार दिन बाद बदमाश उन्हें बुलंदशहर इलाके के एक पेट्रोल पंप पर फेंककर फरार हो गए।

किसी तरह लोगों ने उनके बारे में जानकारी जुटाई और अनूप को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पूरे शरीर पर 50 से ज्यादा चोट के निशान हैं। इस मामले की सूचना मिलने के बाद दनकौर कोतवाली में अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया। अनूप के चाचा चरण सिंह के मुताबिक काफी दिनों से उन्हें ठेकेदार से धमकी मिल रही थी, क्योंकि अनूप ने गांव की गलियों में ठीक से काम न करने पर उसकी शिकायत की थी। अनूप की पत्नी पिंकी का कहना है कि अनूप के साथ ऐसा बर्ताव करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com