आरएसएस का दावा : युवाओं में बढ़ रही है संघ की लोकप्रियता

आरएसएस का दावा : युवाओं में बढ़ रही है संघ की लोकप्रियता

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने संगठन में युवाओं की कम भागीदारी के आरोप को खारिज करते हुए दावा किया है कि युवाओं में उसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। महाराष्ट्र में संघ की 65 प्रतिशत शाखाओं के सदस्य 12 से 18 वर्ष की उम्र के हैं। आरएसएस की शाखा वह स्थान है जहां संगठन के सदस्य प्रतिदिन मिलते हैं। देश भर में संघ की 50,432 शाखाएं हैं।

महाराष्ट्र में दो हजार से अधिक शाखाओं में सदस्य 18 साल से कम आयु के
आरएसएस के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र के चार क्षेत्रों कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, देवगिरि और विदर्भ में फैली 3,429 शाखाओं में 2,229 बाल और तरुण संयुक्त शाखाएं हैं। इनके सदस्य 12 से 18 साल के होते हैं। राज्य की कुल शाखाओं में से 120 में सदस्यों की उम्र 18 से 40 साल के बीच है। संघ के आंकड़ों के अनुसार 40 साल से अधिक आयु के सदस्य वाली शाखाओं की संख्या 1080 है जो राज्य की कुल शाखाओं का 32 प्रतिशत है। इन आंकड़ों से आरएसएस को इस आरोप को खारिज करने में मदद मिली है कि संगठन में युवाओं की उपस्थिति नहीं है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

देश की साढ़े चार हजार शाखाओं के सदस्य 60 साल से अधिक उम्र के
महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में आरएसएस के संघचालक सतीश मोध ने कहा कि सिर्फ नौ प्रतिशत शाखाएं (राष्ट्रीय स्तर पर 50,432 में से 4,551) ऐसी हैं जिनके सदस्य 60 साल से ज्यादा उम्र के हैं। उन्होंने कहा कि 'यह आंकड़े खुद ही साबित करते हैं कि हम तेजी से युवाओं में लोकप्रिय हो रहे हैं और निकट भविष्य में इस प्रवृति में तेजी आने की संभावना है।'