यह ख़बर 14 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बांदा रेप : लड़की की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी

खास बातें

  • अदालत ने बसपा विधायक और उसके समर्थकों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को 14 दिन के लिए बढ़ा दी।
बांदा:

उत्तर प्रदेश की एक स्थानीय अदालत ने बांदा से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक और उसके समर्थकों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को 14 दिन के लिए बढ़ा दी। लड़की विधायक के घर चोरी के आरोप में जेल में बंद है। लड़की को कड़ी सुरक्षा के बीच बांदा के सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रवि गुप्ता की अदालत में पेश किया गया, जहां उसकी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई। पेश होने के बाद अदालत के बाहर लड़की ने कहा, "मुझे कुछ न्याय मिला, मैं थोड़ी संतुष्ट हूं, लेकिन जेल में मुझे विधायक से अपनी जान को खतरा है, क्योंकि वह भी इसी जेल में बंद है।" अधिकारियों के मुताबिक लड़की की जमानत अर्जी और बालिग-नाबालिग पर अब 17 जनवरी को सुनवाई होगी। कथित रूप से लड़की का बलात्कार करने के बाद विधायक ने उसे घर से पांच हजार रुपये, रिवाल्वर और मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में गत 15 दिसंबर को गिरफ्तार करवा दिया था। लड़की नरैनी क्षेत्र के शहबाजपुर गांव की रहने वाली है। बाद में सीबी-सीआईडी की प्रारम्भिक रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री मायावती ने विधायक द्विवेदी और उनके तीन सहयोगियों राजेंद्र शुक्ला, रावण और सुरेंद्र के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे। मुख्यमंत्री के आदेश पर गुरुवार को विधायक को बांदा से गिरफ्तार कर जेल (बांदा) भेज दिया गया। विधायक के दो सहयोगी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने बुधवार को कहा था कि 'सीआईडी द्वारा प्राथमिक रिपोर्ट में बताया गया है कि लड़की को गत आठ से 12 दिसम्बर तक अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया। 11 और 12 दिसम्बर की रात विधायक और उसके सहयोगियों ने लड़की के साथ दो बार बलात्कार किया।' यह पूछे जाने पर कि क्या विधायक द्वारा लड़की पर लगाया गया चोरी का इल्जाम सीबी-सीआईडी की प्रारंभिक जांच में सही पाया गया, इस पर सिंह ने कहा था, "लड़की के खिलाफ बांदा पुलिस की कार्रवाई जांच में सही पाई गई। लड़की ने विधायक की पुत्रवधू का मोबाइल और पांच हजार रुपये चुराए थे।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com