यह ख़बर 01 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

घुसपैठिये 'बिहारियों' को महाराष्ट्र से खदेड़ देंगे : राज ठाकरे

खास बातें

  • राज ठाकरे ने बिहार से आने वाले लोगों को 'घुसपैठिया' करार देने की धमकी देते हुए कहा कि अगर बिहार के अधिकारी एक आरोपी किशोर को हिरासत में लेने वाले मुंबई के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हैं, तो वह बिहारियों को महाराष्ट्र छोड़ने पर मजबूर कर दे
मुंबई:

उत्तर भारतीयों को लेकर अपने कठोर रुख पर कायम महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बिहार से आने वाले लोगों को 'घुसपैठिया' करार देने की धमकी देते हुए कहा कि अगर बिहार के अधिकारी वहां की पुलिस को जानकारी दिए बिना एक आरोपी किशोर को हिरासत में लेने वाले मुंबई के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हैं, तो वह बिहारियों को महाराष्ट्र छोड़ने पर मजबूर कर देंगे।

महाराष्ट्र में रहने वाले हिन्दी भाषी लोगों के खिलाफ अक्सर अभियान छेड़ने वाले ठाकरे ने एक खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार के मुख्य सचिव ने मुंबई पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी थी। खबरों के अनुसार बिहार के मुख्य सचिव नवीन कुमार ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर गत 11 अगस्त को आजाद मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान शहीदी स्मारक में तोड़फोड़ के मामले में एक युवक की गिरफ्तारी को लेकर अप्रसन्नता जताई थी।

नाराजगी दिखाते हुए ठाकरे ने कहा, पत्र में लिखा है कि मुंबई पुलिस को बिहार से किसी को गिरफ्तार करने से पहले उनकी सरकार से संपर्क करना चाहिए। अगर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा बिहार पुलिस की जानकारी के बिना उनके राज्य से किसी को उठाती है, तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे।’

उन्होंने कहा, अगर बिहार सरकार पुलिस की जांच में रोड़ा बनने का प्रयास करती है, तो मेरी पार्टी महाराष्ट्र में हर बिहारी को घुसपैठिया कहेगी और उसे राज्य छोड़ने पर मजबूर कर देगी। राज ठाकरे ने कहा, जिस शख्स ने अमर जवान स्मारक को नुकसान पहुंचाया, उसे बिहार से गिरफ्तार किया गया। मैं बिहार के मुख्य सचिव को बताना चाहूंगा कि आपके राज्य की वजह से अपराध की दर (महाराष्ट्र में) बढ़ी है।

19 साल के अब्दुल कादिर मोहम्मद यूनुस अंसारी को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने सोमवार को बिहार के सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया था। उसे 11 अगस्त को हुए प्रदर्शन के दौरान आजाद मैदान के पास अमर जवान स्मारक में तोड़फोड़ के मामले में पकड़ा गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ठाकरे ने इस मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार कुछ क्यों नहीं बोल रहे? राज्य के और दिल्ली के नेता कहां चले गए? मुख्य सचिव के बयान के लिए उन्हें फटकार क्यों नहीं पड़ी? राज ठाकरे ने दंगों पर काबू नहीं पाने के लिए प्रदेश के गृहमंत्री आरआर पाटिल को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।