यह ख़बर 26 मई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ नक्सली हमले को लोकतंत्र पर हमला बताया

खास बातें

  • कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, यह कांग्रेस पर हमला नहीं है। यह लोकतंत्र पर हमला है, लेकिन हम इस तरह के हमले से नहीं डरेंगे और साहस के साथ आगे बढ़ना जारी रखेंगे।
रायपुर:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी पार्टी के नेताओं पर हुआ नक्सली हमला कांग्रेस पर हमला नहीं, बल्कि यह लोकतंत्र पर हमला है।

राहुल गांधी ने कहा, यह कांग्रेस पर हमला नहीं है। यह लोकतंत्र पर हमला है, लेकिन हम इस तरह के हमले से नहीं डरेंगे और साहस के साथ आगे बढ़ना जारी रखेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने नई दिल्ली से देर रात दो बजे रायपुर पहुंचने के बाद रायपुर कांग्रेस भवन में संवाददाताओं से संक्षिप्त बातचीत की।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, मैंने अस्पताल में वीसी शुक्ला और अन्य घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी आज पीड़ितों से मिलेंगे। राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने से संबंधित एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा, यह राजनीति करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा यह दुखद घटना है और हम सभी को एक साथ खड़े रहना होगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शनिवार को भारी हथियारों से लैस माओवादियों ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जगदलपुर के नजदीक दरबा घाटी के घने जंगलों में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं समेत कई लोगों की मौत हो गई।