यह ख़बर 22 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

भ्रष्ट लोगों को बचा रहे हैं प्रधानमंत्री : राजनाथ सिंह

मुंबई की रैली में राजनाथ और नरेंद्र मोदी

मुंबई:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी सरकार के भ्रष्ट लोगों को बचा रहे हैं।

मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए गठबंधन को खाद्य पदार्थों की महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया। राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ देश में कई मुद्दों को लेकर नाराजगी है, लेकिन उनमें सबसे प्रमुख कारण महंगाई और भ्रष्टाचार है।

उन्होंने कहा कि 2009 में जब कांग्रेस ने सत्ता ग्रहण की, तो कहा कि 100 दिनों में महंगाई कम हो जाएगी, लेकिन 1,000 दिन बीत चुके और कुछ नहीं हुआ। राजनाथ सिंह ने कहा कि आम आदमी बढ़ती महंगाई से परेशान है। इसके विपरीत जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार थी, तो उन्होंने छह वर्षों तक महंगाई पर नियंत्रण रखा था।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मनमोहन सिंह भ्रष्ट लोगों को बचा रहे हैं। राजनाथ ने कहा कि एनडीए के शासन के दौरान सरकार में शामिल लोगों के खिलाफ कोई आरोप नहीं था। महाराष्ट्र की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार को नई ऊंचाइयों तक ले गई है। इसने आदर्श सोसायटी घोटाला किया। इसका उद्देश्य कारगिल युद्ध की विधवाओं और युद्ध नायकों को आवास उपलब्ध कराना था। सरकार ने जनहित में इसकी जांच करने से मना कर दिया। राजनाथ ने सवाल उठाया कि क्या भ्रष्टाचार करना जनहित में है?


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com