प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मंगलवार को 15वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन (Pravasi Bharatiya Divas Sammelan) का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आप में से अनेक लोगों ने हमारे देश के एक पूर्व प्रधानमंत्री की भ्रष्टाचार को लेकर कही एक बात जरूर सुनी होगी. उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार दिल्ली से जो पैसा भेजती है, उसका सिर्फ 15 प्रतिशत ही लोगों तक पहुंच पाता है. इतने वर्ष तक देश पर जिस पार्टी ने शासन किया, उसने देश को जो व्यवस्था दी थी, उस सच्चाई को उन्होंने स्वीकारा था. लेकिन अफसोस ये रहा कि बाद के अपने 10-15 साल के शासन में भी इस लूट को, इस लीकेज को बंद करने का प्रयास नहीं किया गया। देश का मध्यम वर्ग ईमानदारी से टैक्स देता रहा, और जो पार्टी इतने सालों तक सत्ता में रही, वो इस 85 प्रतिशत की लूट को देखकर भी अनदेखा करती रही.'
वह उद्घाटन सत्र के बाद अपने मॉरीशस के समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ (Mauritius Prime Minister Pravind Jugnauth) से बातचीत करेंगे. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के साथ सोमवार को युवा प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन किया और कहा कि प्रवासी भारतीयों ने भारत और भारतीयों के बारे में दुनिया की धारणा को नाटकीय रूप से बदला है. मॉरीशस के प्रधानमंत्री जगन्नाथ सोमवार दोपहर पहुंचे और विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने उनकी अगवानी की. बाद में विदेश मंत्री स्वराज ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ़ करने समेत विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.