विज्ञापन
This Article is From Apr 28, 2017

ढींगरा आयोग की रिपोर्ट पर सियासत, प्रियंका गांधी ने दी सफाई - विरासत में मिले पैसे से खरीदी जमीन

ढींगरा आयोग की रिपोर्ट पर सियासत, प्रियंका गांधी ने दी सफाई - विरासत में मिले पैसे से खरीदी जमीन
ढींगरा कमीशन की रिपोर्ट पर सियासत हो रही है. प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमीन सौदे को लेकर सफाई दी है.
नई दिल्ली: ढींगरा आयोग की रिपोर्ट लीक होने के मामले को कांग्रेस ने पीएमओ की साज़िश क़रार दिया है. जबकि सरकार के मुताबिक ये बेबुनियाद आरोप है. इन सबके बीच प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी साफ़ किया है कि उन्होंने जो भी ज़मीन ख़रीदी है, वो विरासत में मिले पैसे से ख़रीदी है. हरियाणा में जमीन की ख़रीद-फ़रोख़्त के मामले में सरकारी प्रभाव का इस्तेमाल करने और लैंड यूज़ बदल कर मुनाफ़ा कमाने का जो आरोप वाड्रा पर लगाया जा रहा है, उसे कांग्रेस बड़े नेताओं को फंसाने की केंद्र सरकार की साज़िश बता रही है. 

दिल्ली में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एनडीटीवी से कहा, "ये लंबे समय से षड्यंत्र चल रहा है. सिर्फ राबर्ट वाड्रा के खिलाफ नहीं चल रहा है, ये सबके खिलाफ चल रहा है. बीकानेर केस में भी कुछ नहीं निकल रहा है. एक झूठ को अगर सौ बार बोलो तो सच का अहसास होने लगता है...राजस्थान के बारे में मैं कह सकता हूं कि वहां कुछ नहीं हुआ." 

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पीएमओ में एक विशेष सेल बनाया गया है...जो कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने की साज़िश रच रही है...लेकिन सरकार ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है. सरकार का कहना है, किसी भी शख़्स को निशाना नहीं बनाया गया है. शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने चंडीगढ़ में कहा कि उनकी सरकार किसी भी कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करती है और न ही कभी किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने की कोशिश करती है. जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस बात से इनकार किया कि ढींगरा कमीशन की रिपोर्ट लीक की गई है. 

गुरुवार को एक अख़बार ने ढींगरा कमीशन की रिपोर्ट के हवाले से 2008 के एक ज़मीन सौदे में बिन कोई ख़र्च किए रॉबर्ट वाड्रा पर 50.5 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का आरोप लगाया. प्रियंका गांधी की ज़मीन ख़रीद का भी ज़िक्र किया. प्रियंका गांधी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने वाड्रा या उनकी कंपनी की कमाई से कोई संपत्ति नहीं ख़रीदी है; उन्हें दादी से विरासत में जो संपत्ति मिली, उससे ज़मीन ख़रीदी है; और वाड्रा की कमाई और उनकी कंपनी से उनका कोई वित्तीय लेनदेन नहीं है. लेकिन ये विवाद जल्दी खत्म होगा, इसके आसार फिलहाल नहीं दिखाई देते.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhingra Commission, Dhingra Report, Priyanka Gandhi Vadra, Ashok Gehlot, Haryana, Manoharlal Khattar, Congress, PMO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com