विज्ञापन
This Article is From Sep 25, 2019

'स्वच्छ भारत अभियान' के लिए पीएम मोदी को बिल गेट्स ने दिया 'ग्लोबल गोलकीपर्स अवार्ड'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये पुरस्कार मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की ओर से दिया गया है. इस दौरान उन्होंने स्वच्छता के महत्व को लेकर चर्चा की.

न्यूयॉर्क:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के न्यूयॉर्क में मंगलवार को स्वच्छ भारत अभियान के लिए 'ग्लोबल गोलकीपर्स अवॉर्ड' से नवाजा गया. ये पुरस्कार उन्हें बिल एवं मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की ओर से दिया गया है. ये पुरस्कार उन्हें खुद बिल गेट्स ने प्रदान किया है. इस दौरान पीएम मोदी ने स्वच्छता के महत्व को लेकर चर्चा की. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने स्वच्छता की दिशा में कीर्तिमान स्थापित किया है और WHO के मानकों को पूरा करते हुए देश को लगभग 100 प्रतिशत खुले में शौच मुक्त बनाया है. 

PM मोदी को मिला 'ग्लोबल गोलकीपर्स अवार्ड', बोले- स्वच्छ भारत मिशन की सफलता, किसी भी आंकड़े से ऊपर- पढ़ें भाषण की 10 खास बातें

पीएम मोदी ने कहा,  ''बीते पांच साल में देश में रिकॉर्ड 11 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया जा सका. इसी का नतीजा है कि 2014 से पहले जहां ग्रामीण स्वच्छता का दायरा 40% से भी कम था आज वो बढ़कर करीब-करीब 100 प्रतिशत पहुंच रहा है. स्वच्छ भारत मिशन की सफलता, किसी भी आंकड़े से ऊपर है. इस मिशन ने अगर सबसे ज्यादा लाभ किसी को पहुंचाया तो वो देश के गरीब को, देश की महिलाओं को.'' उन्होंने कहा, ''स्वच्छ भारत मिशन ने न सिर्फ भारत के करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाया गया है, उनकी गरिमा की रक्षा की है बल्कि संयुक्त राष्ट्र के लक्ष्यों को भी प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाई है.''

पीएम मोदी ने UNICEF की एक स्टडी का जिक्र करते हुए कहा कि बीते पांच वर्षों में ग्राउंड वाटर की क्वालिटी बहुत सुधरी है और मैं मानता हूं कि इसमें भी बहुत बड़ा योगदान स्वच्छ भारत का है. स्वच्छ भारत मिशन का एक और प्रभाव है जिसकी चर्चा बहुत कम हुई है. इस अभियान के दौरान बनाए गए 11 करोड़ से ज्यादा शौचालयों ने ग्रामीण स्तर पर इकोनॉमिक एक्टिविटी का एक नया द्वार भी खोल दिया.

पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को गिफ्ट की हाउडी मोदी कार्यक्रम के दौरान खींची गई दोनों की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा, ''आज मेरे लिए ये बहुत संतोष की बात है कि स्वच्छ भारत मिशन, लाखों जिंदगियों के बचने का माध्यम बना है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की ही रिपोर्ट है कि स्वच्छ भारत की वजह से 3 लाख जिंदगियों को बचाने की संभावना बनी है. आज मुझे इस बात की भी खुशी है कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता का जो सपना देखा था, वो अब साकार होने जा रहा है. गांधी जी कहते थे कि एक आदर्श गांव तभी बन सकता है, जब वो पूरी तरह स्वच्छ हो. आज हम गांव ही नहीं, पूरे देश को स्वच्छता के मामले में आदर्श बनाने की तरफ बढ़ रहे हैं.''

उन्होंने कहा,  ''ये सम्मान मेरा नहीं बल्कि उन करोड़ों भारतीयों का है, जिन्होंने स्वच्छ भारत के संकल्प को न केवल सिद्ध किया बल्कि अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में ढाला भी है. पीएम मोदी ने कहा, ''महात्मा गांधी की 150 जन्म जयंती पर मुझे ये अवार्ड दिया जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है.''

पीएम मोदी के साथ ट्वीट आदान-प्रदान के बाद देवड़ा ने राजनीतिक भविष्य की अटकलों को बताया निराधार

उन्होंने कहा कि अगर 130 करोड़ लोगों की जनशक्ति, किसी एक संकल्प को पूरा करने में जुट जाए, तो किसी भी चुनौती पर जीत हासिल की जा सकती है. जब एक लक्ष्य को लेकर, एक मकसद को लेकर काम किया जाता है, अपने काम के लिए प्रतिबद्धता होती है, तो ऐसी बातें मायने नहीं रखतीं. मेरे लिए मायने रखता है 130 करोड़ भारतीयों का अपने देश को स्वच्छ बनाने के लिए एकजुट हो जाना. इसीलिए मैं ये सम्मान उन भारतीयों को समर्पित करता हूं जिन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को एक जनआंदोलन में बदला, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी दैनिक जिंदगी में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी शुरू की.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Global Goalkeeper Award, Swachh Bharat Abhiyan, Bill Gates, Bill And Melinda Gates Foundation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com