विज्ञापन
This Article is From Oct 18, 2019

पाकिस्तान के साथ कांग्रेस की ‘केमिस्ट्री’ पर पीएम मोदी ने उठाए सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस जैसे दल ना तो लोगों की भावनाओं को समझ सकते हैं, ना ही बहादुर जवानों की शहादत के प्रति सम्मान करते हैं.

पाकिस्तान के साथ कांग्रेस की ‘केमिस्ट्री’ पर पीएम मोदी ने उठाए सवाल
हिसार:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस के रूख के लिए उसकी आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान विपक्षी दल के बयानों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ करता है . उन्होंने पूछा कि आखिर पड़ोसी देश के साथ उसकी (कांग्रेस की) किस तरह की ‘केमिस्ट्री' है . भाजपा ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया है . मोदी ने कहा कि कांग्रेस जैसे दल ना तो लोगों की भावनाओं को समझ सकते हैं, ना ही बहादुर जवानों की शहादत के प्रति सम्मान करते हैं.

यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘क्या मुझे राष्ट्रहित में फैसले लेने चाहिए या नहीं, क्या राष्ट्रहित राजनीति से ऊपर होने चाहिए या नहीं ? लेकिन कांग्रेस हरियाणा के लोगों की, सोनीपत के लोगों की यह भावना समझने में नाकाम है.'' 

हरियाणा की रैली में बोले PM मोदी- अब तो देश भी यह जान गया है कि कांग्रेस को ये दर्द होता क्यों है?

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद से पार्टी ‘दर्द' में है. उन्होंने कहा, ‘‘आपको याद है पांच अगस्त को क्या हुआ? उस दिन वह हुआ जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था, जिसके बारे में देश ने उम्मीद ही एक तरह से छोड़ दी थी. पांच अगस्त को भारत का संविधान जम्मू कश्मीर में पूरी तरह लागू हो गया... 70 साल से जम्मू कश्मीर, लद्दाख के विकास में हो रही रूकावट को हमने खत्म कर दिया.'' उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उसके बाद से कांग्रेस और उसके जैसे दलों को इतना दर्द हो रहा कि उपचार के लिए कोई दवा नहीं है. कांग्रेस के पेट में दर्द कांग्रेस की लाइलाज बीमारी बन गया है.''

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ऐसी बीमारी का सामना कर रही है कि जब हम स्वच्छ भारत, सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं, तो उन्हें दिक्कत होती है और अगर कोई बालाकोट का नाम लेता है तो उनका दर्द बढ़ जाता है.''उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के बारे में कांग्रेस नेताओं के बयानों का इस्तेमाल पाकिस्तान कर रहा है.

Assembly Election 2019: जब पीएम मोदी को भाषण रोककर करना पड़ा जनता का 'अभिवादन'

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अब देश जानता है कि कांग्रेस को क्यों दर्द हो रहा है, किसकी हमदर्दी किसके लिए है, कौन है वह. आपने देखा होगा कि कश्मीर पर कांग्रेस नेताओं के बयान किनकी मदद कर रहे हैं, कौन ऐसे बयानों से लाभ उठा रहा है और कहां कहां उसका इस्तेमाल हो रहा है .'' मोदी ने कहा, ‘‘आपको पता है ना, कौन इसका फायदा उठा रहा है? '' उपस्थित भीड़ ने कहा, ‘‘पाकिस्तान.' इस पर मोदी ने कहा, ‘बिल्कुल सही.' उन्होंने कहा, ‘‘अब कांग्रेस को जवाब देना चाहिए वे ऐसे बयान क्यों दे रहे हैं जो पाकिस्तान को पसंद आते हैं. उन्हें कुछ ऐसा कहना चाहिए जिसे भारत के लोग पंसद करें . ''

पीएम ने कहा, ‘‘मोदी के बारे में अच्छा बुरा कह सकते हैं, लेकिन कम से कम मां भारती का सम्मान करना चाहिए. हद पार नहीं करना चाहिए जिससे देश को नुकसान हो.'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर जिन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने का विरोध किया था ‘‘अब यह समूह हरियाणा का प्रभार संभालने आगे आ रहा है.''

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019: EVM का नया अर्थ बताया मनोहरलाल खट्टर ने - Every Vote for Modi

सोनीपत जिले में आने वाले गोहाना को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है . लेकिन लोकसभा चुनाव में हुड्डा सोनीपत संसदीय सीट से और उनके पुत्र दीपेंदर सिंह हुड्डा रोहतक संसदीय सीट से हार गए थे. इस पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा ‘‘आपने लोकसभा चुनाव में बड़े बड़े नेताओं का अंहकार तोड़ दिया. '' प्रधानमंत्री ने सोनीपत को ‘‘किसानों, जवानों और पहलवानों'- ‘‘त्रिशक्ति'' की जमीन बताया . परोक्ष रूप से हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग सोच रहे कि सोनीपत, रोहतक और जींद उनका गढ़ है, तो लोगों ने (लोकसभा चुनावों में) अपना फैसला सुना दिया था. ''

भाजपा ने हरियाणा में लोकसभा की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की थी .हरियाणा में तीन साल पहले जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुयी हिंसा का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए मोदी ने कहा कि भाईचारा खत्म करने वालों को सबक सिखा दिया गया. हिसार में एक अन्य रैली में मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव में पहले से ही हार मान ली है .
मोदी ने दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी पर भी हमला करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने उसकी राजनीति और नीतियों को खारिज कर दिया है.

VIDEO: PM मोदी- अब तो देश भी जान गया है कि कांग्रेस को ये दर्द होता क्यों है?

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Narendra Modi, Assemblyelections2019
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com