विज्ञापन
This Article is From Aug 24, 2020

बिहार में बनेंगे 500 बेड वाले दो कोविड अस्पताल, PM Cares Fund से मिले पैसे

प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (PM Cares Fund) ने कोरोना महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई के मद्देनजर बिहार के बिहटा और मुजफ्फरपुर में 500 बिस्तरों वाले दो अस्थायी अस्पतालों की स्थापना के लिए धन आवंटित करने का फैसला किया है.

बिहार में बनेंगे 500 बेड वाले दो कोविड अस्पताल, PM Cares Fund से मिले पैसे
बिहार के बिहटा और मुज़फ्फरपुर में कोविड अस्पतालों का निर्माण.
  • पीएम केयर्स फंड से मिले पैसे
  • बिहार में दो कोविड अस्पतालों का निर्माण
  • बिहटा और मुज़फ्फरपुर में दो अस्पताल
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (PM Cares Fund) ने कोरोना महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई के मद्देनजर बिहार के बिहटा और मुजफ्फरपुर में 500 बिस्तरों वाले दो अस्थायी अस्पतालों की स्थापना के लिए धन आवंटित करने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी और बताया कि इन अस्पतालों का निर्माण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) करेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट में कहा, ‘पीएम केयर्स फंड ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई के तहत बिहार के पटना और मुजफ्फरपुर में 500 बिस्तरों वाले कोविड-19 अस्थायी अस्पतालों के निर्माण के लिए धन आवंटित करने का फैसला किया है. इन अस्पतालों का निर्माण DRDO करेगा. यह बिहार में कोविड देखभाल में सुधार में बहुत मददगार होगा.' पीएमओ के मुताबिक पटना के करीब बिहटा में 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का आज ही उद्घाटन हो जाएगा जबकि मुजफ्फरपुर में 500 बेड वाले अस्पताल का शुभारंभ जल्द ही किया जाएगा.

पीएमओ ने कहा, ‘इन अस्पतालों में 125 बिस्तर आईसीयू सुविधा से लैस होंगे जिनमें वेंटिलेटर की भी व्यवस्था होगी जबकि बाकी 375 बिस्तर सामान्य श्रेणी वाले होंगे. हर बिस्तर पर ऑक्सीजन की भी सुविधा है. इन अस्पतालों में सशस्त्र बलों की चिकित्सा सेवा से डाक्टरों और पराचिकित्सीय कर्मियों की तैनाती की जाएगी.'

यह भी पढ़ें: पीएम केयर्स फंड(PM Cares Fund): जानिए कितना पैसा हुआ इकट्ठा, कहां हुआ खर्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अगस्त को बिहार सहित 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा कर कोरोनावायरस महामारी की स्थिति की समीक्षा की थी. उन्होंने कहा था कि सभी मिलकर इन राज्यों में कोरोना को हराने में सफल हो जाते हैं तो देश भी जीत जाएगा क्योंकि 80 प्रतिशत सक्रिय मामले इन्हीं राज्यों में हैं.

वहीं बता दें कि सोमवार की सुबह तक उसके पिछले 24 घंटे में भारत में कोविड-19 के 61,408 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 31 लाख को पार कर गई. इस दौरान हुई 836 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 57,542 हो गई है. अगर अकेले बिहार की बात करें तो पिछले 24 घंटे में बिहार में आठ लोगों की कोरोना से मौत हुई है. इसके साथ ही राज्य में अब तक 511 लोगों की इससे मौत हो चुकी है. देश में कोविड-19 से मृत्यु दर गिरकर 1.85 प्रतिशत हो गई है और मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 75.27 प्रतिशत हो गई है.

बता दें कि कोविड-19 महामारी जैसी किसी भी तरह की आपातकालीन या संकट की स्थिति से निपटने के प्राथमिक उद्देश्य के साथ एक समर्पित राष्ट्रीय निधि की जरूरत को ध्यान में रखते हुए और उससे प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए ‘आपात स्थितियों में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड)' के नाम से एक पब्लिक चैरिटी ट्रस्ट बनाया गया है.

Video: हॉट टॉपिक : पीएम केयर्स फंड पर बीजेपी vs कांग्रेस

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Cares Fund, Covid Hospitals In Bihar, DRDO To Build Covid Hospitals
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com