विज्ञापन
This Article is From Aug 10, 2014

पाक से भारतीय चौकियों पर निशाना, 37 घंटे में दोबारा संघर्ष विराम उल्लंघन

जम्मू:

महज 37 घंटे के अंदर दूसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की जिसके बाद भारतीय बलों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने कहा, 'पाकिस्तानी सैनिकों ने आज छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों से बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू करके जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में मेंधर सेक्टर में भारतीय चौकियों पर निशाना साधा।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से लगी सीमा पर पहरा दे रहे भारतीय सैनिकों ने स्थिति संभाली और उतनी ही क्षमता के हथियारों से गोली चलाई।

लेफ्टिनेंट कर्नल मेहता ने कहा, 'नियंत्रण रेखा के इस तरफ गोलीबारी में जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। आखिरी खबर आने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी थी।' पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा आज की गोलीबारी इस महीने संघर्ष विराम उल्लंघन की तीसरी घटना है।

शुक्रवार को जम्मू जिले के आरएस पुरा क्षेत्र में भारत-पाक सीमा पर ओक्टेरियो बीओपी पर पाकिस्तानी रेंजरों ने बीएसएफ को एक जवान को सौंपा जिसे पाकिस्तान में पकड़ा गया था।

30 वर्षीय जवान सत्यशील यादव को सौंपे जाने के महज 6 घंटे बाद 8 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के भीमभेर गली सेक्टर में नियंत्रण रेखा के आसपास छोटे और स्वचालित हथियारों से भारतीय अग्रिम चौकियों पर निशाना साधा था और संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

शुक्रवार को बीएसएफ के बटालियन कमांडेंटों और पाक रेंजरों के बीच आरएस पुरा क्षेत्र में हुई फ्लैग वार्ता में दोनों पक्षों ने सीमा पर अमन चैन बनाये रखने की प्रतिबद्धता जताई थी।

लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पाकिस्तान, भारत-पाकिस्तान सीमा, जम्मू कश्मीर, जम्मू, संघर्ष विराम उल्लंघन, पाकिस्तानी सेना, Pakistan, Indo-pak Border, Jammu Kashmir, Jammu, Pakistan Ceasefire Violations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com