यह ख़बर 10 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पाक ने फिर किया युद्धविराम का उल्लंघन, सात घंटे में 7,000 गोलियां दागीं

खास बातें

  • पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में मध्यरात्रि के बीच भारतीय चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भारतीय जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
जम्मू:

पांच भारतीय सैनिकों की हत्या के बाद सीमा पर बढ़े तनाव के बीच पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जि़ले में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर शुक्रवार रात करीब सात घंटे तक मोर्टार और भारी हथियारों से 7,000 गोलियां दागकर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

भारतीय सेना ने इसे हाल के समय में 'संघर्ष विराम का सबसे बड़ा उल्लंघन' करार दिया है। इससे चार ही दिन पहले पाकिस्तानी सेना के विशेष सैन्य दल के हमले में पांच भारतीय जवान शहीद हुए थे। भारतीय सेना ने प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

रक्षा विभाग के प्रवक्ता एसएन आचार्य ने शनिवार को कहा, पाकिस्तानी सेना ने कल रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर पुंछ जि़ले के दुर्गा बटालियन इलाके में नियंत्रण रेखा पर स्थित कई भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की। उन्होंने कहा, पाकिस्तानी सेना ने तड़के करीब साढ़े चार बजे तक कई भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर 7,000 गोलियां दागीं, ताकि भारी क्षति पहुंचाई जा सके।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सीमा रेखा की रक्षा कर रहे भारतीय सैन्य बलों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की और रायफलों, मशीन गनों और मीडियम मशीन गन (एमएमजी) से 4595 गोलियां दागने के अलावा 111 आरपीजी, 11 रॉकेट और 81 एमएम के 18 मोर्टार गोले दागे। उन्होंने बताया कि सीमा पार गोलीबारी में किसी प्रकार के जानमाल की हानि नहीं हुई है।
पुंछ शहर में गोलीबारी और मोर्टार धमाके की आवाजें सुनाई दीं और दोनों ओर से गोलीबारी होने के कारण इलाके के लोग दहशत में आ गए।

गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना के नेतृत्व में 20 हथियारबंद लोगों के समूह ने 6 अगस्त को पुंछ सेक्टर में भारत की सीमा में 450 मीटर तक प्रवेश करके घात लगाकर हमला किया था, जिसमें भारतीय सेना के पांच जवान शहीद हो गए थे।

रक्षामंत्री एके एंटनी ने इस जघन्य कृत्य के लिए पाकिस्तानी सेना को दोषी ठहराया था और चेतावनी भी दी थी कि गत मंगलवार को हुई घटना का असर नियंत्रण रेखा पर भारत के व्यवहार और पाकिस्तान के साथ संबंधों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा था, अब यह स्पष्ट है कि पाकिस्तानी सेना के विशेष सैन्य दल इस हमले में शामिल थे।

उन्होंने कड़ा रख अख्तियार करते हुए संसद में कहा था, पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों पर किए गए 'जघन्य और अकारण' हमले से हम सभी आहत हैं और स्वाभाविक रूप से इस घटना से नियंत्रण रेखा पर हमारे व्यवहार और पाकिस्तान के साथ हमारे संबंधों पर प्रभाव पड़ेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने पाकिस्तान को संदेश देते हुए कहा था, हमारे संयम को हल्के ढंग से नहीं लिया जाए और न ही सशस्त्र सेनाओं की क्षमता और नियंत्रण रेखा की गरिमा बनाए रखने के सरकार के संकल्प पर कभी संदेह किया जाना चाहिए। एंटनी ने कहा था, इस त्रासदी और इससे पहले इस वर्ष के आरंभ में दो सैनिकों की निर्मम हत्या के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान में बैठे लोगों को सजा मिलनी ही चाहिए।