
नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में साध्वी निरंजन ज्योति के रूप में इकलौती महिला को जगह दी गई। इसके साथ ही केंद्र सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या आठ हो गई है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर संसदीय क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुई 47-वर्षीय ज्योति को राज्य मंत्री के तौर पर मोदी सरकार में स्थान मिला है।
इस साल मई में सरकार बनने के समय सात महिला मंत्रियों को स्थान मिला था, जिनमें छह कैबिनेट मंत्री हैं। सुषमा स्वराज, उमा भारती, नजमा हेपतुल्ला, मेनका गांधी, हरसिमरत कौर बादल तथा स्मृति ईरानी कैबिनेट मंत्री हैं। इनके अलावा निर्मला सीतारमन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं।
दिलचस्प है कि मोदी मंत्रिपरिषद में सबसे अधिक उम्र और सबसे कम उम्र की सदस्य भी महिलाएं हैं। मंत्रिपरिषद में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नजमा हेपतुल्ला सबसे अधिक उम्र की हैं, तो मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी सबसे कम उम्र की हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं