यह ख़बर 30 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

बीजेपी ने मिशन-2014 के लिए कसी कमर, मोदी को मिली अहम जिम्मेदारी

खास बातें

  • अगले वर्ष 2014 में होने जा रहे आम चुनाव में राष्ट्रीय फलक पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को 'बड़ी भूमिका' में लाने का स्पष्ट संकेत देते हुए भाजपा ने रविवार को उन्हें पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारण समिति संसदीय बोर्ड में छह साल बाद एक बार फिर से श
नई दिल्ली:

अगले वर्ष 2014 में होने जा रहे आम चुनाव में राष्ट्रीय फलक पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को 'बड़ी भूमिका' में लाने का स्पष्ट संकेत देते हुए भाजपा ने रविवार को उन्हें पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारण समिति संसदीय बोर्ड में छह साल बाद एक बार फिर से शामिल कर लिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पदाधिकारियों की टीम में युवा चेहरों को शामिल कर और सांसदों को जोड़कर पार्टी में नई जान फूंकने की कोशिश की है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह की टीम में मोदी के विवादास्पद सहयोगी अमित शाह और पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी को भी जगह मिली है। दोनों को पार्टी का महासचिव बनाया गया है और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और विद्रोही तेवर अपनाने वाली नेता उमा भारती को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

राजनाथ की नई टीम में मोदी के बेहद करीबी अमित शाह को महासचिव बनाया गया है और गुजरात से ही पार्टी की सांसद स्मृति ईरानी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भड़काऊ भाषणों के चलते विवादों में आ चुके वरुण गांधी को भी महासचिव बनाया गया है।

अमित शाह सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ मामले में हत्या के मुख्य आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। शाह चुनावी प्रबंधन में माहिर माने जाते हैं और शायद इसीलिए उन्हें राजनाथ की टीम में जगह मिली है। हालांकि, बीजेपी इसपर खुलकर सफाई देने को तैयार नहीं है।

दूसरा चौंकाने वाला नाम है वरुण गांधी का। वरुण गांधी पर पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा था और वह हाल ही में अदालत से बरी हुए हैं।

वरुण के अलावा बीजेपी में हिंदुत्व का एक दूसरा चेहरा है उमा भारती का... उन्हें महासचिव बनाने की चर्चा थी लेकिन उपाध्यक्ष बनाया गया है।

संसदीय बोर्ड में जगह पाने वाले मोदी अकेले मुख्यमंत्री हैं। उन्हें पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति का भी सदस्य बनाया गया है जिससे साफ जाहिर है कि वे आने वाले चुनाव में प्रत्याशियों के चयन में भूमिका निभाएंगे।

मोदी की संसदीय बोर्ड में छह वर्ष बाद वापसी हुई है, लेकिन इस बार परिस्थितियां बदली हुई हैं। पार्टी के भीतर एक धड़ा उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित किए जाने का दबाव बनाए हुए है।

अमित शाह को महासचिव के रूप में शामिल किए जाने को पार्टी खेमे में नई टीम में मोदी के असर के रूप में देखा जा रहा है।

राजनाथ की नई टीम इस साल होने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2014 के लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी निभाएगी। टीम में 13 उपाध्यक्ष, 10 महासचिव, 15 सचिव और सात प्रवक्ता बनाए गए हैं।

नए उपाध्यक्षों में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा, पूर्व सांसद एसएस अहलूवालिया, सांसद स्मृति ईरानी, बलवीर पुंज व प्रभात झा और पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला शामिल हैं।

रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़ी रही उमा भारती पार्टी की केंद्रीय पदाधिकारियों की टीम में वापस हुई हैं। पार्टी के 13 उपाध्यक्षों में से पांच महिलाएं हैं।

बेंगलुरू दक्षिण से सांसद अनंत कुमार और ओडिशा के धर्मेंद्र प्रधान को महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है।

10 महासचिवों में इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, पूर्व पार्टी महासचिव मुरलीधर राव और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री जेपी नड्डा शामिल हैं। रामलाल को महासचिव (संगठन) बनाया गया है।

राजनाथ की टीम में पार्टी के दो कद्दावर नेताओं जसवंत सिंह और यशवंत सिन्हा को जगह नहीं मिल पाई है। नजमा हेपतुल्ला, हेमा मालिनी और शांता कुमार को भी उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।

नए प्रवक्ताओं में पूर्व सांसद बिजय सोनकर शास्त्री, राजनाथ सिंह के राजनीतिक सलाहकार सुधांशु त्रिवेदी, वकील मीनाक्षी लेखी और पार्टी के पूर्व सचिव कैप्टन अभिमन्यु शामिल हैं।

प्रकाश जावडेकर, शाहनवाज हुसैन और निर्मला सीतारमण प्रवक्ता बने रहेंगे। राज्यसभा में पार्टी के उप नेता रविशंकर प्रसाद भी नई टीम में नहीं हैं। पार्टी के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को पार्टी ने सचिव का ओहदा दिया है।

राजनाथ सिंह के नेतृत्व में बनी केंद्रीय संसदीय बोर्ड में मोदी के अलावा अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, एम. वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, अनंत कुमार, थावर चंद गहलोत और राम लाल शामिल हैं।

केंद्रीय चुनाव समिति में गोपीनाथ मुंडे के अलावा जुएल उरांव, शाहनवाज हुसैन, विनय कटियार, जेपी नड्डा और हर्षवर्धन शामिल किए गए हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज पांडेय इस समिति की पदेन सदस्य होगी।

भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा, "नरेंद्र मोदी देश के एक लोकप्रिय नेता हैं, इसी कारण उन्हें संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने मोदी को संसदीय बोर्ड में शामिल करने का स्वागत करते हुए कहा, "यह अच्छी खबर है। इससे पार्टी और मजबूत होगी।"