यह ख़बर 24 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई में महिला पत्रकार से गैंगरेप का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

खास बातें

  • मुंबई में फोटो पत्रकार के साथ गुरुवार शाम हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले अदालत ने दो गिरफ्तार आरोपियों को 30 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुंबई:

मुंबई में फोटो पत्रकार के साथ गुरुवार शाम हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले अदालत ने दो गिरफ्तार आरोपियों को 30 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।  

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीसरे फरार आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार किया गया। हालांकि आरोपी का नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है।

इससे पहले दो आरोपियों चांद बाबू सत्तार शेख उर्फ मोहम्मद अब्दुल और उसके साथी विजय जाधव को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए दोनों आरोपियों की पुलिस हिरासत मांगी और अदालत ने उन्हें 30 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।  

घटना की जांच कर रही एनएम जोशी मार्ग पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी को दक्षिण मध्य मुंबई के मदनपुरा इलाके के एक वीडियो पार्लर से शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से इस इलाके में छिपा हुआ था।

यह घटना मुंबई के महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के नजदीक बंद पड़ी शक्ति मिल कंपाउंड में उस वक्त हुई थी जब अंग्रेजी पत्रिका में कार्यरत पत्रकार अपने पुरुष सहकर्मी के साथ दफ्तर से मिले काम के सिलसिले में यहां आई थी।

महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटील ने शुक्रवार को कहा था कि पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराई जाएगी।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा के कर्मियों की 20 टीमें गठित की गई हैं।

महिला और उसके सहकर्मी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का स्केच तैयार करा कर सभी पुलिस थाने और आसपास के इलाके में वितरित कर दिया है।

महिला फोटो पत्रकार के साथ दुष्कर्म की यह घटना मध्य मुंबई के महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास बंद पड़ी शक्ति मिल्स परिसर में गुरुवार घटी थी।

पुलिस की अपराध शाखा के दस्ते ने शनिवार सुबह मदनपुरा इलाके से मामले के एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी एक वीडियो पार्लर में छिपा था।

पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने शनिवार दोपहर संवाददाताओं को बताया, "हमने दूसरे आरोपी को आज सुबह गिरफ्तार किया है। उसने कबूल किया है कि वह अपराध में शामिल था। हम उम्मीद करते हैं कि जल्दी ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लेंगे।"

गिरफ्तार आरोपी शेख के परिवार वालों ने दावा किया है कि उसकी उम्र 16 साल है। सिंह ने कहा कि पांचों आरोपियों के गिरफ्तार हो जाने के बाद पुलिस पूरा विवरण देगी।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह मुंबई में दो दिन पहले एक फोटो पत्रकार के साथ हुए दुष्कर्म की घटना पर महाराष्ट्र सरकार से एक रिपोर्ट मांगे।

वरिष्ठ भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे ने लोकसभा में कहा, "राज्य में कानून-व्यवस्था लचर हो गई है। पिछले महीने इस तरह की चार दुर्घटनाएं हुई थीं। केंद्र सरकार को चाहिए कि इस पर महाराष्ट्र सरकार से एक रिपोर्ट मांगे।"

मुंडे का समर्थन करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सौगत राय ने कहा, "स्थिति बहुत खराब है। अवैध शराब और नशीली दवाओं पर कड़ा प्रतिबंध होना चाहिए।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सदस्यों द्वारा व्यक्त चिंताओं का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, "यह गंभीर मुद्दा है। गृह मंत्री 26 अगस्त को इस मुद्दे पर जवाब देंगे।"