यह ख़बर 16 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में झमाझम बारिश, समय से पहले पहुंचा बेताब मानसून

खास बातें

  • मानसून ने करीब एक पखवाड़े पहले ही दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में दस्तक देकर पूरे क्षेत्र को सराबोर कर दिया तथा भीषण गर्मी एवं उमस से बेहाल लोगों को आनंदित कर दिया। उत्तर भारत के कई अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई।
नई दिल्ली:

मानसून ने करीब एक पखवाड़े पहले ही दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में दस्तक देकर पूरे क्षेत्र को सराबोर कर दिया तथा भीषण गर्मी एवं उमस से बेहाल लोगों को आनंदित कर दिया। उत्तर भारत के कई अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार तेज पुरवैया ने मानसून के बादलों की बढ़ने की गति को तेज कर दिया है तथा राष्ट्रीय राजधानी सहित लगभग पूरे देश में मौसमी वर्षा करीब एक माह पहले ही शुरू हो गई है।

विभाग के अनुसार राजधानी में शाम साढ़े पांच बजे तक नौ घंटे के दौरान 36.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के निदेशक ब्रह्म प्रकाश यादव ने बताया, ‘मानसून दिल्ली पहुंच गया तथा इसने पूरे देश को कवर कर लिया है।’ दिल्ली में मानसून आने की सामान्य तिथि 29 जून है।

मानसून की वर्षा करीब 15 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच पाती है लेकिन शुक्रवार तक इसने अपने मानकों में से दो तिहाई को पूरा कर लिया है।

दिल्ली में वर्षा से जल जमाव और कुछ इलाकों में यातायात की समस्याएं उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने शहर के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उत्तर प्रदेश में पिछले एक दिन में कई स्थानों पर मामूली से भारी वर्षा और गरज के साथ छींटे पड़े। मौसम विभाग के अनुसार मानसून उत्तर प्रदेश में और बढ़ा है और इसके दायरे में लगभग पूरा राज्य आ गया है।