विज्ञापन
This Article is From Aug 25, 2020

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नीरव मोदी की पत्नी के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस

भारत में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नीरव मोदी की पत्नी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है.

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नीरव मोदी की पत्नी के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस
मनी-लॉन्ड्रिंग केस में नीरव मोदी की पत्नी पर इंटरपोल की नजर.
नई दिल्ली:

भारत में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नीरव मोदी की पत्नी अमी मोदी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है. धोखाधड़ी के आरोप में भारत से भाग चुके भगोड़े नीरव मोदी की पत्नी पर भारत में मनी-लॉन्ड्रिंग के केस दर्ज हैं. इंटरपोल की ओर से नीरव मोदी और उसके भाई नेहल और बहन पूर्वी के खिलाफ भी नोटिस जारी है. इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस एक तरीके से इंटरनेशनल अरेस्ट वॉरंट का काम करता है, इसके बाद अब प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

पिछले साल फरवरी में प्रवर्तन निदेशालय ने अपने सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अमी मोदी पर न्यूयॉर्क सिटी में तीन करोड़ की कीमत के दो अपार्टमेंट की खरीद में बेनेफिशियरी होने का आरोप दर्ज किया था. इन अपार्टमेंट्स को पिछले साल अक्टूबर में जब्त किया गया था. इस दौरान नीरव मोदी की 637 करोड़ की विदेशी संपत्तियों को जब्त किया गया था, जिसमें लंदन में एक 56.97 करोड़ का एक फ्लैट भी शामिल था.

बता दें कि नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ करीब दो अरब डॉलर की धोखाधड़ी को अंजाम देने का आरोप है. इसे लेकर भारत में विभिन्न जांच एजेंसियों ने मोदी के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं. फिलहाल नीरव मोदी ब्रिटेन में है और उसके खिलाफ भारत में प्रत्यर्पण किए जाने के मामले की सुनवाई चल रही है. पिछले साल मार्च में नीरव मोदी को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद से वो लंदन की वांड्सवर्थ जेल में कैद है. इस मामले में मोदी का सहयोगी मेहुल चौकसी भी भारत में वांछित है.

ब्रिटेन के वेस्टमिन्सटर मजिस्ट्रेट कोर्ट में  नीरव मोदी के प्रत्यर्पण मामले में सुनवाई चल रही है. आखिरी सुनवाई जुलाई में हुई थी, जिसमें मोदी की कोरोनावायरस लॉकडाउन के चलते वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई थी.  इस मामले में पहले चरण की चार दिन की सुनवाई जिला न्यायाधीश सैमुअल गूजे की अध्यक्षता में मई में हुई. केस में दूसरे दौर की सुनवाई सिंतबर में शुरू होनी है.

Video: नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर ED की बड़ी कार्रवाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nirav Modi Absconder, Nirav Modi Wife, Interpol Red Corner Notice
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com