मक्का हादसा : भगदड़ में चार भारतीय हज यात्रियों की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

मक्का हादसा : भगदड़ में चार भारतीय हज यात्रियों की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

मक्का में मीना के नजदीक हज के दौरान भगदड़ में 700 से ज्यादा लोगों की मौत में चार भारतीय हज यात्रियों की भी शामिल होने की खबर है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि जेद्दा में भारतीय दूतावास भगदड़ के बाद की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

स्थिति पर लगातार नजर रख रहा भारतीय दूतावास :
मक्का में इस वर्ष हज यात्रा कर रहे 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं में डेढ़ लाख से अधिक भारतीय शामिल हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, ‘‘जेद्दा में हमारा दूतावास भगदड़ के बाद स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।’’

सूचना के लिए फोन नंबर जारी :
विदेश मंत्रालय ने बताया कि लोग सूचना के लिए मक्का में फोन नंबर 00966125458000 और 00966125496000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसने बताया कि लोग टोल फ्री नंबर 8002477786 पर भी फोन कर सकते हैं।

भगदड़ के बाद बचाव कार्य जारी :
सउदी अरब के सिविल डिफेंस अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में विभिन्न देशों के सैकड़ों की मौत हुई है। मीना में भगदड़ के बाद बचाव कार्य जारी है। यहां श्रद्धालु शैतान को पत्थर मारने की रस्म अदा कर रहे थे।

पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया :
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मक्का में भगदड़ से लोगों के मरने पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजन के प्रति सांत्वना जताई है। अमेरिका की छह दिवसीय यात्रा पर गए मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मक्का से दुखद खबर।’’ अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने भी इस पर क्षोभ जताया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि मीना में भगदड़ की खबर से मैं काफी दुखी हूं और जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजन से सांत्वना जताती हूं। भगदड़ में 800 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। कुछ दिनों पहले मक्का में हुए क्रेन हादसे में 11 भारतीयों सहित 115 लोगों की मौत हो गई थी।