यह ख़बर 15 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

पाक की ओर से गोलीबारी का भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

नक्शा सीमा पर इलाका दिखाता हुआ

खास बातें

  • पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित चौकियों पर बिना उकसावे के रॉकेट और मोर्टार गोले दागने के साथ अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें सेना के तीन जवान और एक नागरिक घायल हो गया।
जम्मू:

पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित चौकियों पर बिना उकसावे के रॉकेट और मोर्टार गोले दागने के साथ अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें सेना के तीन जवान और एक नागरिक घायल हो गया।

सेना के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान द्वारा यह पिछले पांच दिन में 11वां संघर्षविराम उल्लंघन है।

अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह साढ़े छह बजे से पुंछ जिले के बालाकोट पट्टी में नियंत्रण रेखा पर स्थित कई अग्रिम भारतीय चौकियों पर गोलियां चलाईं।

उन्होंने अत्याधुनिक हथियारों से गोलियां, रॉकेट और मोर्टार गोले चलाए जिसमें तीन जवानों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा दागा गया 82 एमएम का मोर्टार गोला मेंढर तहसील के संजोत अग्रिम क्षेत्र में आकर गिरा जिससे एक नागरिक परवाज घायल हो गया जिसे जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा चलाया गया एक राकेट आज दोपहर में मेंढर के बसोनिया गांव के पशुशाला में आकर गिरा जिसमें दर्जनों पशुओं की मौत हो गई।

जम्मू में रक्षा विभाग के प्रवक्ता एसएन आचार्य ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह साढ़े छह बजे मेंढर सेक्टर के अग्रिम भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलियां चलाना शुरू कर दिया।

उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने इसका भारी हथियारों के साथ तुरंत जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह गोलीबारी दोपहर तक जारी रही।

एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2003 का संघर्षविराम अर्थहीन हो गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ष 2003 से पहले की तरह इन दिनों रोजाना गोलीबारी हो रही है। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने इस साल 1 जनवरी से 5 अगस्त तक 57 बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है जो इस दौरान पिछले साल की तुलना में 80 फीसदी ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि बुधवार की रात करीब नौ बजे, पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के मेंढर उपसेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया और मध्यम आकार के मोर्टार गोले चलाए। भारतीय सैनिकों ने इस गोलीबारी का जवाब दिया जिससे दोनों ओर से रात 11 बजकर पांच मिनट तक गोलीबारी होती रही। इस गोलीबारी में हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पाकिस्तानी सैनिकों ने 13 अगस्त को दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नारियांपुर और पुंछ के हमीरपुर, बालाकोट और मनकोट अग्रिम क्षेत्रों में 16 भारतीय चौकियों पर गोलियां चलाईं।

इससे पहले 12 अगस्त को तीन बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया जब पाक सैनिकों ने दुर्गा बटालियन (पुंछ), कोठे (सांबा) और हमीरपुर बालाकोट अग्रिम क्षेत्रों (पुंछ) में भारत-पाक सीमा पर भारतीय चौकियों पर गोलियां चलाई थीं।

पाकिस्तानी सैनिकों ने 12 अगस्त को नियंत्रण रेखा पर दिगवार, मनकोट और दुर्गा बटालियन क्षेत्रों में 11 भारतीय अग्रिम चौकियों पर मोर्टार, रॉकेट और छोटे गोलों की मदद से भारी गोलीबारी की थी जो अगले दिन सुबह तक जारी रही थी।

पाक सैनिकों ने पुंछ जिले में 11 अगस्त को भी तीन बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। दो सौवीं बटालियन के बीएसएफ हेडकांस्टेबल राम निवास मीणा 5 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा जिले में नारायणपुर क्षेत्र में गोलीबारी में घायल हुए थे। मीणा की 11 अगस्त को एम्स में मौत हो गई थी।

इससे पहले सीमा कार्रवाई दल के हमले में पांच जवानों की हत्या के तीन दिन बाद 10 अगस्त को बड़े संघर्षविराम उल्लंघन में पाक सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर कई घंटे चली गोलीबारी में भारतीय चौकियों पर कुल सात हजार गोले दागे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाक सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर सरला चौकी के पास भारतीय गश्त दल पर हमला करके पांच जवानों की हत्या कर दी थी।