यह ख़बर 15 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा के दोमुंहेपन का पर्दाफाश करूंगा : कुमारस्वामी

खास बातें

  • उन्होंने कहा, भाजपा के 24 जून से भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन से दो दिन पहले मैं येदियुरप्पा के भ्रष्टाचार के बारे में नया दस्तावेज जारी करूंगा।
बेंगलूर:

भाजपा के खिलाफ नया मोर्चा खोलते हुए जद एस नेता एच डी कुमारस्वामी ने बुधवार को कहा कि वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री वीएस येदियुरप्पा के भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेंगे। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा के दोमुंहेपन का पर्दाफाश कर दूंगा। जहां राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा नेता संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाए हुए हैं वहीं पार्टी के कुछ नेता कर्नाटक के मुख्यमंत्री का बचाव करने में लगे हुए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव बीजे पुट्टास्वामी ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्यों के स्वामित्व वाली और संचालित कंपनी को कुमारस्वामी के कार्यकाल में 167 करोड़ रूपये प्राप्त हुए थे। कुमारस्वामी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कुमारस्वामी ने कहा, मेरे भाइयों की कंपनी के कारोबारी लेनदेन में कोई अवैध काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, भाजपा ने 24 जून से संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इससे दो दिन पहले मैं नई दिल्ली में येदियुरप्पा के भ्रष्टाचार के बारे में नया दस्तावेज जारी करूंगा। उन्होंने पूछा, मेरे परिवार में कौन हैं। वह मेरी पत्नी अनिता और मेरा बेटा निखिल गौड़ा होंगे। क्या वे अवैध व्यापार में संलग्न होंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com