कर्नाटक विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद अब वोटिंग हुई और एचडी कुमारस्वामी सरकार गिर गई. मुख्यमंत्री कुमारस्वामी बहुमत साबित नहीं कर सके. सरकार के पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि विरोध में 105 वोट डाले गए. इसके बाद मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने राजभवन जाकर राज्यपाल वजुभाई वाला को अपना इस्तीफा सौंप दिया. त्यागपत्र में कहा गया, 'अपनी कैबिनेट के साथ मैं कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं और मैं आपसे इसे स्वीकार करने का आग्रह करता हूं.' त्यागपत्र में कहा गया, 'मैं इस मौके पर कार्यकाल के दौरान मुझे और मेरे सहयोगियों को मिले सहयोग के लिए मैं आभारी हूं.' कुमारस्वामी को अपने पत्र में राज्यपाल ने कहा, 'मैंने तत्काल प्रभाव से आपका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. वैकल्पिक व्यवस्था होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के पद पर बने रहिए. यह कहने की जरूरत नहीं है कि इस दौरान कोई कार्यकारी फैसले नहीं लिए जाने चाहिए.' इससे पहले, विधानसभा में अध्यक्ष केआर रमेश कुमार ने ऐलान किया कि 99 विधायकों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया है, जबकि 105 सदस्यों ने इसके खिलाफ मत दिया है. इस प्रकार यह प्रस्ताव गिर गया. बहस पर जवाब देने के बाद मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी विचारमग्न अवस्था में कार्यवाही देखते रहे. कुमारस्वामी को संख्या बल का साथ नहीं मिला और उन्होंने विश्वास मत प्रस्ताव पर चार दिन की चर्चा के खत्म होने के बाद हार का सामना किया.
पूरी स्टोरी पढ़ें
Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world
Karnataka Political Crisis Live Updates, Karnataka Floor Test, HD Kumaraswamy