विज्ञापन
This Article is From Aug 23, 2011

देशभर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम

नई दिल्ली: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। बारह बजते ही मंदिरों में घंटे घड़ियाल बजने लगे। पंचामृत से लोगों ने भगवान को स्नान कराया फिर सुंदर वस्त्र पहनाकर बाल गोपाल का स्वागत किया गया… भोग लगाने के बाद भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य आरती की गई। इसके पहले सोमवार को दिनभर मंदिरों में भारी चहल-पहल रही। सुबह से ही लोगों का मंदिरों के बाहर तांता लगा रहा। सुबह साढ़े चार बजे की मंगल आरती के बाद आठ बजे श्रृंगार आरती हुई। दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में इस बार मंदिर की सजावट के लिए देश विदेश से फूल मंगाए गए हैं। वृंदावन और मथुरा से आए कारीगरों ने मंदिर को सजाया है। उधर, वृंदावन में भगवान का अभिषेक किया गया। द्वारिका के प्रसिद्ध श्रीकृष्ण मंदिर में भी कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। यहां सिर्फ़ सौराष्ट्र ही नहीं बल्कि पूरे देश से दर्शनार्थी जुटे। मंदिर में भगवान के जन्म उत्सव के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। जितना महत्व मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का होता है उतना ही महत्व द्वारिका में भी उत्सव का होता है। आज के दिन भगवान का दिव्य श्रृंगार किया जाता है। पंचामृत स्नान के बाद आरती वंदन किया जाता है। बड़ी तादाद में श्रृद्धालुओं के आने की वजह से यहां सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भगवान, श्रीकृष्ण, जन्मोत्सव