विज्ञापन
This Article is From Sep 20, 2018

India vs Pakistan: हार के बाद पाक कप्‍तान सरफराज अहमद बोले, दो के लिये तैयारी की थी लेकिन तीसरे ने धो डाला

भुवनेश्वर कुमार की जानदार गेंदबाजी और कप्तान रोहित शर्मा से मिली तेजतर्रार शुरुआत के दम पर भारत ने एशिया कप ग्रुप ए मैच में बुधवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त दी.

India vs Pakistan: हार के बाद पाक कप्‍तान सरफराज अहमद बोले, दो के लिये तैयारी की थी लेकिन तीसरे ने धो डाला
एशिया कप में भारत ने पाकिस्‍तान को 8 विकेट से हराया
  • पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त दी
  • पांच ओवरों में ही दो विकेट गंवाना उनकी टीम पर भारी पड़ा: पाक कप्‍तान
  • पाक कप्‍तान ने हार के लिये बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया
नई दिल्ली: भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में गेंदबाजों के जानदार प्रदर्शन और कप्तान रोहित शर्मा से मिली तेजतर्रार शुरुआत के दम पर भारत ने एशिया कप ग्रुप ए मैच में बुधवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त दी. इस हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा कि पहले पांच ओवरों में ही दो विकेट गंवाना उनकी टीम पर भारी पड़ा.  उन्होंने हार के लिये बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया.  सरफराज ने कहा, ‘हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही.  हमने पहले पांच ओवरों में दो विकेट गंवाये और इसके बाद भी नियमित अंतराल में विकेट गंवाते रहे और मैच में वापसी नहीं कर सके.  आप कह सकते हो कि हमने खराब बल्लेबाजी की. ’ उन्होंने कहा, ‘बाबर आजम को छोड़कर हमने आसानी से विकेट गंवाये.  इसलिए हमें देखना होगा कि भविष्य में कैसी बल्लेबाजी करनी है.

India vs Pakistan: भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से धोया, ट्विटर पर लोगों ने यूं उड़ाई खिल्ली

सरफराज ने कहा कि पाकिस्‍तान की टीम ने दो स्पिनरों के लिये तैयारी की थी लेकिन तीसरे स्पिनर (जाधव) ने हमारे विकेट निकाले.  सुपर फोर से पहले यह आंखे खोलने वाला मैच रहा.’ पाकिस्तान की सलामी जोड़ी सहित तीन विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार को मैन आफ द मैच चुना गया. भुवनेश्वर कुमार (15 रन देकर तीन), जसप्रीत बुमराह (23 रन देकर दो) और केदार जाधव (23 रन देकर तीन) की धारदार गेंदबाजी से भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाले पाकिस्तान को 43.1 ओवर में 162 रन पर ढेर कर दिया. पाकिस्तान के केवल दो बल्लेबाज बाबर आजम (47) और शोएब मलिक (43) ही कुछ योगदान दे पाये। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा (52) और शिखर धवन (46) ने पहले विकेट के लिये 86 रन जोड़कर भारत को शानदार शुरुआत दिलायी। दिनेश कार्तिक (नाबाद 31) और अंबाती रायुडु (नाबाद 31) ने अपनी भूमिका बखूबी निभायी तथा भारतीय टीम ने केवल 29 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बनाकर मैच को एकतरफा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. भारत की यह गेंदें शेष रहने के लिहाज से पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले उसने 2006 में मुल्तान में 105 गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज की थी. भारत ने इस तरह से ग्रुप ए से शीर्ष पर रहकर सुपर फोर में जगह बनायी जहां उसे रविवार को फिर से पाकिस्तान का सामना करना है.

हार्दिक पंड्या पीठ दर्द से परेशान, स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया 

वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप में पाकिस्तान पर आठ विकेट से मिली एकतरफा जीत का श्रेय गेंदबाजों को देते हुए बुधवार को कहा कि टीम हांगकांग के खिलाफ कल के मैच से मिले सबक से सीख लेकर सुधार करने में सफल रही.  हांगकांग ने पहले मैच में भारत को जीत के लिये कड़ा संघर्ष कराया लेकिन भारत ने पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आसानी से आठ विकेट से हराया.  पाकिस्तानी टीम 162 रन पर ढेर हो गयी और भारत ने 29 ओवरों में आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया.  रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘शुरू से ही हमने अनुशासित प्रदर्शन किया.  हम कल की गलतियों से सीख लेना चाहते थे. हमारे गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. हम रणनीति पर कायम रहे और इस तरह के धीमे विकेट के लिये जो रणनीति बनायी थी उस पर पूरी तरह से अमल किया. ’    

भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर फैन्स का रोमांच चरम पर, देखें तस्वीरें

उन्होंने कहा, ‘स्पिनरों ने कसी हुई गेंदबाजी की लेकिन शुरू में पहले दो विकेट हासिल करना महत्वपूर्ण था.  शुरू में विकेट लेना अहम था क्योंकि उनकी बल्लेबाजी अच्छी है.  इसलिए हम उनके लिये चीजें आसान नहीं बनाना चाहते थे. जब बाबर आजम और शोएब मलिक बल्लेबाजी कर रहे थे तब भी हमने धैर्य नहीं खोया.’ रोहित ने केदार जाधव की भी तारीफ की जिन्होंने तीन विकेट लिये.  उन्होंने कहा, ‘केदार अपनी गेंदबाजी पर काम कर रहा है और अपनी गेंदबाजी को गंभीरता से ले रहा है.  उसने जो विकेट लिये वे हमारे लिये बोनस जैसे थे.  विशेषकर हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के बाद बीच में उसके ओवर महत्वपूर्ण थे.’    
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India National Cricket Team, Shoaib Malik, Sarfraz Ahmed, Asia Cup 2018, Dubai, India Vs Pakistan, Pakistan Defeat, Pakistan Loss Match, India Beat Pakistan, India Vs Pakistan Asia Cup 2018, भारत-पाकिस्तान का मैच
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com