विज्ञापन
This Article is From Aug 21, 2014

हिमाचल : नदी में गिरी बस, 23 मरे

शिमला:

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में गुरुवार को यात्रियों से खचाखच भरी मिनी बस के बस्पा नदी में गिर जाने से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है।

दुर्घटना स्थल पर मौजूद उपायुक्त डीडी शर्मा ने कहा कि 40 यात्रियों से भरी बस कलपा से सांगला जा रही थी। सांगला के निकट बस सड़क से 300 फीट नीचे नदी में गिर गई।

उन्होंने दुर्घटनास्थल से फोन पर बताया कि घायल 11 यात्रियों को हवाई जहाज से शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधीक्षक राहुल नाथ ने कहा कि बस सतलज की सहायक नदी बस्पा में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बस से शवों को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना वाली जगह पर बारिश के कारण सड़क बेहद खराब थी।

इलाके की पुलिस ने जिले के अधिकारियों के पहुंचने के पहले ही बचाव अभियान शुरू कर दिया था। अधिकांश पीड़ित किन्नौर जिले के हैं।

किन्नौर राज्य के सुदूरवर्ती इलाकों में से एक है। यहां बेहद कम बसें चलती हैं, जिसके कारण बसें यात्रियों से खचाखच भरी होती हैं।

एक महीने से भी कम समय में राज्य में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस घटना पर संवेदना जताई। उन्होंने पीड़ितों को बचाने के लिए जिला प्रशासन को हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया।

लेखक के बारे में
img
Indo Asian News Service
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हिमाचल प्रदेश, किन्नौर में हादसा, नदी में गिरी बस, Himachal Pradesh, Kinnaur Accident, Bus Fell In River
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com